
अलीराजपुर (मप्र.) — पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 11 अक्टूबर की देर रात खंडवा-बड़ौदा हाईवे पर चांदपुर थाने के सामने वाहन चेकिंग के दौरान राजस्थान पासिंग सीमेंट कंटेनर क्रमांक RJ 11 GB 3066 को रोका गया। तलाशी लेने पर कंटेनर में छिपाकर रखी गई शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदौरिया के निर्देशन में की गई।
अंग्रेजी शराब की कीमत 92 लाख रुपये से अधिक
जब्त शराब में रॉयल चैलेंज, ऑल सीजंस और सुपर जुबली ब्रांड की व्हिस्की शामिल बताई गई है। शराब की अनुमानित कीमत 92 लाख 10 हजार 300 रुपये तथा कंटेनर की कीमत करीब 70 लाख रुपये आंकी गई है। इस प्रकार कुल जब्ती 1 करोड़ 62 लाख 10 हजार 300 रुपये की है।
हरियाणा से गुजरात पहुंचाई जा रही थी खेप
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार चालक की पहचान हेमाराम जाट (30), निवासी ग्राम बामरला, तहसील सेड़वा, जिला बाड़मेर, राजस्थान के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने शराब हरियाणा के नरवाना से लाने और राजस्थान व मध्यप्रदेश के रास्ते गुजरात के वडोदरा ले जाने की बात बताई। पुलिस इस तस्करी के नेटवर्क और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की जांच कर रही है।
उदयगढ़ में भी 487 पेटी शराब जब्त
आलीराजपुर पुलिस की एक अन्य कार्रवाई में उदयगढ़ थाना पुलिस ने शराब परिवहन करते एक ट्रक से 487 पेटी अंग्रेजी शराब, यानी 4,207 बल्क लीटर शराब जब्त की। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई में ट्रक सहित कुल 54.97 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया। जिले में अवैध शराब परिवहन के खिलाफ कार्रवाई जारी है।
पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
चांदपुर की कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योति उमठ बघेल और एसडीओपी डॉ. शक्ति सिंह चौहान के मार्गदर्शन में हुई। थाना प्रभारी उपनिरीक्षक दिलीप सिंह चंदेल सहित पुलिस टीम के सदस्यों की इसमें भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू की है।








