गोकुल गौशाला में गोवर्धन पूजा, उत्कृष्ट पशुपालकों का किया सम्मान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अल्ट्राटेक सीमेंट के यूनिट हेड नितेश निराला ने शॉल, श्रीफल एवं प्रमाण पत्र देकर पशुपालकों का बढ़ाया उत्साह

मनावर (धार)। गोवंश संरक्षण और गौसेवा के संदेश के साथ अल्ट्राटेक सीमेंट यूनिट धार द्वारा संचालित UTCL गोकुल गौशाला, टोकी में सोमवार को गोवर्धन पूजा एवं गौ-पूजन समारोह आयोजित किया गया। मध्यप्रदेश शासन के पशुपालन एवं डेयरी विभाग के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में गौमाता का पूजन कर भारतीय संस्कृति में गोवंश के महत्व को रेखांकित किया गया।

कार्यक्रम में अल्ट्राटेक सीमेंट के यूनिट हेड नितेश निराला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री की मंशानुसार वृंदावन ग्राम बालीपुर के गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के तहत चयनित उत्कृष्ट पशुपालकों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि निराला ने पशुपालकों को शॉल, श्रीफल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

इस दौरान नितेश निराला ने पशुपालकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि गौसेवा और गोवंश संरक्षण के साथ पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। ऐसे आयोजन पशुपालकों को प्रोत्साहित करने के साथ समाज में गौसेवा के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं।

समारोह में पशुपालन विभाग मनावर से डॉ. मुकेश डावर, मनोहर सोलंकी एवं जगदीश चंद्र दामके तथा अल्ट्राटेक सीमेंट की ओर से परेश मियानी, सुखलाल वास्कले एवं प्रिया सोनी उपस्थित रहे। इसके अलावा गोकुल गौशाला के गोसेवक और क्षेत्र के अनेक पशुपालकों ने भी सहभागिता की।

कार्यक्रम में विधिवत गोवर्धन पूजा एवं गौ-पूजन कर गौमाता के प्रति श्रद्धा और सेवा का संकल्प व्यक्त किया गया। उत्कृष्ट पशुपालकों के सम्मान से समारोह में उत्साह का माहौल रहा। आयोजन ने गोवंश संरक्षण, ग्रामीण पशुपालन और पशुपालकों के सम्मान के प्रति शासन एवं अल्ट्राटेक सीमेंट की सहभागिता का संदेश दिया।

उक्त जानकारी अल्ट्राटेक सीमेंट के सीएसआर हेड विपिन सक्सेना ने दी।

और पढ़ें