जनजातीय गौरव दिवस पर धार में राज्यस्तरीय समारोह हुआ 1353 करोड़ की डही सिंचाई परियोजना का लोकार्पण; पूर्व सांसद दरबार ने उठाई मनावर को जिला बनाने और बायपास की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डही/धार। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर रविवार को धार जिले के डही में राज्यस्तरीय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअली संबोधित किया। समारोह का प्रमुख आकर्षण 1353.18 करोड़ रुपये की डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण रहा।

परियोजना के माध्यम से नर्मदा नदी का पानी उद्वहन कर भूमिगत पाइपलाइन के जरिए खेतों तक पहुंचाया जाएगा। इससे धार और आलीराजपुर जिले के 126 गांवों की लगभग 47 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलने तथा करीब 1.26 लाख किसानों को लाभ होने की उम्मीद है। परियोजना को क्षेत्र की कृषि व्यवस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

समारोह में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, पूर्व सांसद छतरसिंह दरबार सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, कलेक्टर राजीव रंजन मीणा, एसपी सचिन शर्मा और बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए उनके योगदान को याद किया गया। साथ ही जनजातीय संस्कृति की झलक भी देखने को मिली।

दरबार ने उठाई मनावर को जिला बनाने और बायपास की मांग

समारोह के दौरान पूर्व भाजपा सांसद छतरसिंह दरबार ने क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण मांगों को लेकर राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र सौंपे। उन्होंने मनावर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए बायपास निर्माण की स्वीकृति देने तथा मनावर को नया जिला घोषित करने की मांग की।

मुख्यमंत्री को दिए पत्र में दरबार ने बताया कि मनावर धार जिले का प्रमुख व्यापारिक केंद्र है। नगर की आबादी 40 हजार से अधिक है और यह गुजरात एवं महाराष्ट्र को जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों से जुड़ा हुआ है। आसपास स्थापित औद्योगिक इकाइयों के कारण भारी वाहनों और मालवाहक गाड़ियों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। गांधी चौराहे सहित शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ने से जाम और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ऐसे में नागरिकों की सुरक्षा और सुगम यातायात के लिए बायपास का निर्माण जरूरी है।

चार विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर नया जिला बनाने का सुझाव

दरबार ने मनावर को जिला बनाने की मांग के समर्थन में मनावर, धरमपुरी, गंधवानी और कुक्षी विधानसभा क्षेत्रों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों के अनेक गांवों से धार जिला मुख्यालय की दूरी लगभग 70 से 90 किलोमीटर तक है। इसके चलते लोगों को शासकीय कार्यों के लिए धार जाने में समय और आर्थिक परेशानी उठानी पड़ती है।

उन्होंने सुझाव दिया कि इन चार विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर नया जिला बनाया जाए और मनावर को उसका जिला मुख्यालय घोषित किया जाए। इससे प्रशासनिक सुविधाएं लोगों के नजदीक उपलब्ध होंगी तथा क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और विकास कार्यों को गति मिलेगी।

पत्र में दरबार ने यह भी उल्लेख किया कि मनावर को जिला बनाने से क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होगी और स्थानीय स्तर पर विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से दोनों मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर आवश्यक स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया।

 

और पढ़ें