इंदौर। आर्थिक रूप से कमजोर और प्रतिभाशाली युवाओं को सरकारी नौकरी के सपने पूरे करने में मदद देने की पहल को लेकर इंदौर के पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। उनकी निःशुल्क कोचिंग की पहल को लेकर X (पूर्व में ट्विटर) पर #AKVijayvargiyaFreeEducation हैशटैग देशभर में ट्रेंड करता दिखाई दिया।
आकाश विजयवर्गीय की पहल पर इंदौर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-1 में नमो कोचिंग सेंटर के माध्यम से युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी कराने की व्यवस्था की गई है। इसका उद्देश्य ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और मार्गदर्शन देना है, जो आर्थिक स्थिति के कारण महंगी कोचिंग का खर्च नहीं उठा पाते।
500 विद्यार्थियों में से 200 का चयन
इस पहल के लिए करीब 500 विद्यार्थियों ने रुचि दिखाई थी। चयन प्रक्रिया के बाद 200 विद्यार्थियों को चुना गया। इन विद्यार्थियों की पढ़ाई 12 मार्च से शुरू होने की जानकारी सामने आई है। इस व्यवस्था में विशेषज्ञ शिक्षकों का मार्गदर्शन, अध्ययन सामग्री, टेस्ट सीरीज और करियर गाइडेंस जैसी सुविधाएं देने का लक्ष्य है। कौटिल्य एकेडमी का सहयोग भी इस पहल से जुड़ा है।
MPPSC से UPSC तक की तैयारी
नमो कोचिंग सेंटर में MPPSC, UPSC, पटवारी, नायब तहसीलदार, डिप्टी कलेक्टर, DSP, शिक्षक भर्ती, पुलिस भर्ती और कर्मचारी चयन आयोग सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है।
कैलाश विजयवर्गीय ने दिया विद्यार्थियों को भरोसा
16 नवंबर को बड़ा गणपति स्थित सुभाष हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को कम से कम 20 हजार रुपये की सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि आर्थिक तंगी उनकी पढ़ाई में बाधा न बने।
कैलाश विजयवर्गीय ने अपने बचपन के संघर्षों को साझा करते हुए बताया कि आर्थिक अभाव के कारण उन्हें बड़े भाइयों की पैंट काटकर बनाई गई हाफ पैंट पहननी पड़ती थी। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि सपनों से समझौता नहीं करना चाहिए। मेहनत और अनुशासन के साथ पढ़ाई करें, बाकी हम देखेंगे।
उन्होंने जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त ट्रेनिंग की व्यवस्था करने, अच्छी फैकल्टी और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिया। साथ ही आने वाले समय में लगभग ढाई लाख सरकारी भर्तियों की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए युवाओं को अभी से तैयारी शुरू करने की सलाह दी।
शिक्षा की पहल बनी सोशल मीडिया पर चर्चा
आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी का अवसर देने वाली इस पहल को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा तेज है। इसी बीच #AKVijayvargiyaFreeEducation हैशटैग भारत के ट्रेंडिंग टॉपिक्स में शामिल हो गया। इंदौर से शुरू हुई यह पहल अब देशभर में लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही है।








