दिवाली के चलते सूने मकान को चोरों ने बनाया निशाना, भाजपा नेता के घर लाखों के आभूषण और 65 हजार नकदी चोरी का दावा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मनावर : (मप्र.) दिवाली के त्योहार के बीच नगर में चोरी की वारदात सामने आई है। धार रोड स्थित साईं रेसीडेंसी कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए दरवाजे और गेट के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मकान मालिक ने बताया कि चोर मकान में रखे लाखों रुपये के सोने चांदी के आभूषण और करीब 65 हजार रुपये नकदी लेकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार भाजपा जिला उपाध्यक्ष अजा मोर्चा एवं श्री गीतांशी आईटी कंप्यूटर सेंटर के संचालक सचिन दामके त्योहार के चलते पिछले दो दिनों से पंचवटी स्थित अपने पिता के मकान पर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने साईं रेसीडेंसी स्थित उनके मकान को निशाना बनाया। सोमवार सुबह जब सचिन दामके अपने मकान पर पहुंचे तो बाहर का गेट टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो दरवाजे भी टूटे हुए थे और अलमारी सहित अन्य स्थानों पर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर अलमारी में रखे आभूषण और करीब 65 हजार रुपये नकदी गायब मिले।

घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना पर हेड कांस्टेबल एवं आरक्षक जितेंद्र कुशवाहा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा बनाया। बताया जा रहा है कि कॉलोनी के आसपास के कई परिवार दिवाली की छुट्टियों में बाहर गए हुए थे, जिससे क्षेत्र के कई मकान सूने थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश और मामले की जांच में जुटी है। चोरी गए आभूषणों की कीमत सहित कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। त्योहार के दौरान हुई इस वारदात से कॉलोनीवासियों में चिंता का माहौल है।

और पढ़ें