INDIA गठबंधन का सुप्रीम कोर्ट पैदल मार्च, SIR और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ याचिका दायर की

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे समेत INDIA गठबंधन के नेता हुए शामिल; चुनाव आयोग के खिलाफ कार्रवाई और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग

नई दिल्ली। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और कथित चुनावी अनियमितताओं के विरोध में सोमवार, 12 अक्टूबर 2026 को कांग्रेस सहित विपक्षी दलों ने दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट की ओर पैदल मार्च निकाला। ‘मार्च फॉर डेमोक्रेसी’ नाम से आयोजित इस मार्च का नेतृत्व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने किया। विपक्षी नेताओं ने मतदाता सूची से नाम हटाए जाने पर सवाल उठाते हुए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर कार्रवाई की मांग की।

मार्च में प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, तृणमूल कांग्रेस की नेता ममता बनर्जी, सीपीआई नेता डी. राजा और एनसीपी (एसपी) की सुप्रिया सुले, आइसा की नेहा बोरा सहित कई विपक्षी नेता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग उठाई। “इस मौके पर राहुल गांधी ने कहा कि हम लोकतंत्र की हत्या नहीं होने देंगे, देश में अगर किसी चुनाव आयुक्त के ऊपर उसकी कार्यशैली को लेकर सवाल उठ रहे हैं तो उसे छुपाने-दबाने और बचाने का प्रयास क्यों किया जा रहा है।”

पुलिस ने रास्ते में लगाए बैरिकेड

विपक्षी नेता पहले संविधान क्लब में एकत्र हुए और वहां से बसों के जरिए बाराखंभा रोड पहुंचे। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट की ओर मार्च शुरू किया गया। दिल्ली पुलिस ने भगवान दास रोड पर बैरिकेड लगाकर मार्च को रोक दिया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और राजधानी के कुछ मेट्रो स्टेशन भी बंद रखे गए। विपक्षी नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा मुद्दा बताया।

सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल

विपक्ष का आरोप है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने से पात्र मतदाता मतदान के अधिकार से वंचित हो सकते हैं। इसी मुद्दे पर विपक्षी नेताओं ने संयुक्त याचिका दाखिल कर चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं पर हस्तक्षेप की मांग की। मुख्य न्यायाधीश से मुलाकात का अनुरोध स्वीकार नहीं होने के बाद विपक्ष ने कानूनी रास्ता अपनाने का फैसला किया था।

वहीं, चुनाव आयोग और भाजपा ने मतदाता सूची में हेरफेर के आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि पुनरीक्षण का उद्देश्य दोहरे और अपात्र नामों को हटाना है। इस मुद्दे पर राजनीतिक विवाद के बीच विपक्ष ने आंदोलन और कानूनी लड़ाई जारी रखने की बात कही है। कहा कि, यह लड़ाई मुख्य चुनाव आयोग ज्ञानेश कुमार की इस्तीफे के बाद ही खत्म होगी।

देश भर से कांग्रेसी जुटे 

12 अक्टूबर को राहुल गांधी द्वारा किए गए आह्वान में दिल्ली चलो आंदोलन के तहत देशभर से कांग्रेस जन एवं विपक्ष के नेता बड़ी संख्या में आज आंदोलन में दिल्ली पहुंचे थे। जानकारी के अनुसार आम आदमी पार्टी के नेताओं पुलिस उठा ले गई।

और पढ़ें