होटल के सीसीटीवी में कैद हुई कथित बातचीत वायरल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिए कार्रवाई के निर्देश; पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
सिवनी। मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक होटल में मौजूद प्रेमी जोड़े को गांजे के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) दीपक मिश्रा, एसडीओपी चंचलेश मरकाम सहित छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
होटल के सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
जानकारी के अनुसार, मामला 13 नवंबर का बताया जा रहा है। सिवनी के बाबरिया रोड स्थित होटल सिद्धार्थ में पुलिस अधिकारी पहुंचे थे। वहां एक युवक और युवती मौजूद थे। वायरल सीसीटीवी फुटेज में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा, एसडीओपी चंचलेश मरकाम और कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी सहित अन्य पुलिसकर्मी दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो में प्रेमी जोड़ा पुलिस अधिकारियों को बताता नजर आता है कि दोनों बालिग हैं, एक ही जाति से हैं और आपसी सहमति से होटल आए हैं। दोनों ने शादी करने की इच्छा भी जताई। इसके बावजूद पुलिस अधिकारी उन पर परिजनों को फोन कर होटल बुलाने का दबाव बनाते दिखाई देते हैं।
लड़के के बैग में गांजा रख दो…
वीडियो में सबसे गंभीर बात उस समय सामने आती है, जब कथित तौर पर एएसपी होटल कर्मचारियों से युवक के बैग में गांजा रखने की बात कहते सुनाई देते हैं। बातचीत में उन्हें कथित रूप से यह कहते सुना जा सकता है कि लड़के के पास गांजा रख दो, इसके बाद उसके खिलाफ मामला बन जाएगा। इस बातचीत ने पुलिस की कार्यप्रणाली और कानून के दुरुपयोग को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
होटल संचालक ने लगाए वसूली के आरोप
इस मामले में होटल संचालक ने पुलिस अधिकारियों पर हर महीने 25-25 हजार रुपये की मांग करने और रकम नहीं देने पर परेशान करने के आरोप भी लगाए हैं। संचालक ने कुछ पुलिसकर्मियों को पहले पैसे देने का दावा भी किया है। हालांकि, वसूली और अन्य आरोपों की जांच होना बाकी है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर छह पुलिसकर्मी निलंबित
वीडियो सामने आने के बाद पहले थाना प्रभारी को लाइन अटैच किया गया था और जांच शुरू की गई थी। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एएसपी, एसडीओपी समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पुलिस की वर्दी में अनुशासनहीनता और कदाचार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर पुलिस की जवाबदेही और नागरिकों के अधिकारों पर बहस छेड़ दी है। सवाल यह है कि यदि दो बालिग युवक-युवती अपनी मर्जी से किसी होटल में मौजूद हैं, तो उन्हें किस आधार पर परिजनों को बुलाने के लिए बाध्य किया जा सकता है? वहीं, किसी निर्दोष व्यक्ति को झूठे आपराधिक मामले में फंसाने की कथित धमकी पुलिस की विश्वसनीयता पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।
फिलहाल वायरल वीडियो की प्रामाणिकता, अधिकारियों की भूमिका और होटल संचालक द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के निष्कर्षों के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।








