
मनावर। नगर के खलघाट मार्ग स्थित डाक बंगले के समीप शनिवार शाम करीब 4 बजे दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार ट्रेलर के पिछले पहिए की चपेट में आने से युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार मृतक रंजीत डोडवे, निवासी ग्राम अजंदीमान तहसील मनावर अपने बच्चे के साथ बाइक से घर जा रहा था। इसी दौरान ट्रेलर क्रमांक GJ06BY2052 की चपेट में आ गया। स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रेलर का पिछला पहिया युवक के सिर पर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रेलर को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
डायल-112 की मदद से शव को सेल्दा मार्ग स्थित सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद रंजीत को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर मनावर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेलर को जब्त कर थाने ले गई। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

अतिक्रमण को लेकर लोगों में नाराजगी
हादसे के बाद मौके पर मौजूद नागरिकों ने मुख्य मार्गों पर लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण को लेकर चिंता जताई। लोगों का कहना है कि सड़क की पर्याप्त चौड़ाई होने के बावजूद अतिक्रमण के कारण वाहनों को निकलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिलती। गांधी चौराहे से खलघाट रोड, सिंघाना रोड और धार रोड तक कई स्थानों पर सड़क किनारे अतिक्रमण की स्थिति बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई समय-समय पर की जाती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं होने से स्थिति फिर जस की तस हो जाती है। उनका कहना है कि मार्गों पर यातायात का दबाव और अतिक्रमण हादसों का कारण बन रहे हैं।

गांधी चौराहे पर भी बिगड़े हालात
नगर के प्रमुख गांधी चौराहे पर भी अतिक्रमण की समस्या गंभीर बनी हुई है। अस्थाई दुकानों और सड़क किनारे लगने वाली दुकानों के कारण वाहनों को पर्याप्त जगह नहीं मिल पाती। इससे आए दिन यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है।
नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि मुख्य मार्गों और गांधी चौराहे से स्थायी रूप से अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।









