गुरु रविदास जयंती पर मनावर में निकली कलश वंदन एवं समरसता संकल्प यात्रा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मनावर। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी मनावर द्वारा रविवार को नगर में कलश वंदन यात्रा एवं समरसता संकल्प अभियान यात्रा निकाली गई। यह अभियान 21 अगस्त से 10 सितंबर तक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से चलाया जा रहा है। यात्रा का आयोजन भाजपा जिला अध्यक्ष चंचल पाटीदार के नेतृत्व में किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत संत रविदास जी के तैलचित्र पर पूजा-अर्चना एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद महिलाओं एवं कार्यकर्ताओं ने सिर पर कलश धारण किए। रथ, बैंड-बाजे और जयकारों के साथ कलश वंदन यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली। यात्रा के दौरान संत रविदास जी के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

देशभर में संत रविदास जी की जन्मस्थली से जुड़ी पावन माटी को कलश यात्रा, माटी पूजन एवं कलश वंदन जैसे आयोजनों के माध्यम से घर-घर पहुंचाने का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मनावर में भी श्रद्धालुओं एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने यात्रा में सहभागिता कर सामाजिक एकता और समरसता का संदेश दिया।

इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने संत रविदास जी के समानता, समरसता, भाईचारे और सामाजिक एकता के विचारों को आत्मसात करने तथा समाज में आपसी सौहार्द को मजबूत करने का संकल्प लिया।

कलश वंदन यात्रा में नगर पालिका अध्यक्ष अजय पाटीदार, महेंद्रसिंह परिहार, अमित शर्मा, राजेश तोमर, मुकेश बागेश्वर, नीरज गर्ग सहित प्रशासनिक अधिकारी बीईओ मन्नालाल ठाकुर, सांदीपनी प्राचार्य सोहन शिंदे एवं भाजपा के जिला एवं स्थानीय पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नागरिक शामिल हुए।

और पढ़ें