मनावर में फर्जी चरित्र प्रमाण पत्र बनाने वाले फोटो कॉपी सेंटर संचालक को पुलिस ने किया गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

फर्जी रबर सील, लैपटॉप सहित कई दस्तावेज बरामद; जांच में 27 चरित्र प्रमाण पत्र व शपथ पत्र मिले

मनावर। पुलिस थाना मनावर ने फर्जी अस्थाई चरित्र प्रमाण पत्र तैयार कर लोगों को उपलब्ध कराने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फोटो कॉपी सेंटर संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से थाना मनावर की फर्जी रबर सील, लैपटॉप एवं फर्जी प्रमाण पत्रों की प्रतियां बरामद की हैं। प्रारंभिक जांच में आरोपी के लैपटॉप से 27 चरित्र प्रमाण पत्र एवं शपथ पत्र भी मिलने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर एवं एसडीओपी मनावर ब्रजेश कुमार मालवीय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजेश यादव की टीम द्वारा कार्रवाई की गई।

दिनांक 29 अगस्त को थाना मनावर में पदस्थ उपनिरीक्षक मनीष कुमार चौधरी को कस्बा भ्रमण के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मनावर स्थित आदित्य फोटो कॉपी सेंटर का संचालक अपनी दुकान पर थाना मनावर की फर्जी रबर सील लगाकर सरकारी एवं निजी नौकरी के लिए फर्जी अस्थाई चरित्र प्रमाण पत्र तैयार कर लोगों को दे रहा है और इसके एवज में 500 रुपये वसूल रहा है।

एसडीओपी बृजेश कुमार मालवीय ने बताया कि सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस टीम आदित्य फोटो कॉपी सेंटर पहुंची, जहां दुकान संचालक आदित्य पिता छगनलाल सोलंकी, उम्र 32 वर्ष, निवासी पटेल कॉलोनी मनावर मौजूद मिला। पंचों की मौजूदगी में दुकान की तलाशी लेने पर पुलिस को थाना प्रभारी, पुलिस थाना मनावर के नाम एवं फोन नंबर अंकित रबर सील, विभिन्न प्रमाण पत्रों की छायाप्रतियां तथा एक DELL कंपनी का लैपटॉप मय चार्जर बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक इसी लैपटॉप के माध्यम से फर्जी प्रमाण पत्र तैयार किए जाते थे।

मामले में थाना मनावर में अपराध क्रमांक 604/2026 दर्ज कर धारा 318(4), 338, 336(3) एवं 340(2) बीएनएस के तहत प्रकरण कायम कर विवेचना में लिया गया है। विवेचना के दौरान आरोपी के लैपटॉप की जांच में 27 चरित्र प्रमाण पत्र एवं शपथ पत्र मिलने की बात पुलिस ने कही है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त कर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेश यादव, उपनिरीक्षक मनीष कुमार चौधरी, आरक्षक 1086 कमल सोलंकी एवं आरक्षक 120 मनिया सोलंकी की सराहनीय भूमिका रही।

और पढ़ें