मनावर में मुख्यमंत्री जन-विश्वास शिविर का आयोजन, एक ही छत के नीचे जुटे सभी विभाग, सांसद, कलेक्टर और एसपी पहुंचे।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मनावर। आमजन की समस्याओं का मौके पर निराकरण करने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत जनपद पंचायत मनावर में विशेष जनसंवाद एवं समस्या निराकरण शिविर का आयोजन किया गया। अभियान में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर उपस्थित रहीं। वहीं जिला कलेक्टर राजीव रंजन मीणा एवं पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा, एसडीएम प्रमोद गुर्जर, एसडीओपी बृजेश कुमार मालवीय, तहसीलदार विजय तलवाड़े, थाना प्रभारी राजेश यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

शिविर की खासियत यह रही कि आमजन को अलग-अलग विभागों के कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को उपस्थित किया गया। नगर पालिका, स्वास्थ्य, राजस्व, शिक्षा, कृषि, आयुष, एमपीईबी, बीमा कंपनियां, बैंक तथा निजी कंपनियों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी एवं लाभ उपलब्ध कराया।

 

अभियान के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को लाखों रुपए की सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। वहीं एक कृषक को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से ट्रैक्टर भी प्रदान किया गया। वही शिक्षा विभाग अंतर्गत विद्यार्थियों को साइकिल वितरित कर उन्हें शिक्षा के प्रति आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। लाड़ली बहना सहित अन्य हितग्राहीमूलक योजनाओं के लाभ भी पात्र लोगों को उपलब्ध कराए गए।

मौके पर समाधान की पहल

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन और आमजन के बीच सीधे संवाद को मजबूत करना तथा लोगों की समस्याओं का यथासंभव मौके पर निराकरण करना है। अभियान के तहत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई की लंबित शिकायतों, राजस्व प्रकरणों, किसान फार्मर आईडी, आयुष्मान कार्ड, समग्र ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा, खाद-बीज, बिजली सहित विभिन्न सेवाओं और योजनाओं की समीक्षा कर कार्रवाई की जा रही है।

डबल इंजन सरकार में योजनाओं का लाभ धरातल तक : सावित्री ठाकुर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार आमजन के हित में सैकड़ों योजनाएं संचालित कर रही है और इन योजनाओं का प्रभाव अब धरातल पर भी दिखाई देने लगा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आमजन को लाभ पहुंचाने का कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े। जन-विश्वास अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से प्रशासन सीधे जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहा है और उनके निराकरण का प्रयास कर रहा है।

हर शुक्रवार जनता के बीच पहुंच रहा प्रशासन

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत प्रदेश में 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक विभिन्न क्षेत्रों में जनसंवाद, निरीक्षण और समस्या निराकरण की गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। धार जिले में भी विकासखंडवार कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं। अभियान के तहत विभागों को पात्र हितग्राहियों को चिन्हित कर शिविरों में बुलाने और उन्हें मौके पर योजनाओं का लाभ देने के निर्देश दिए गए हैं।

मनावर में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में आमजन एवं हितग्राही पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के माध्यम से निराकरण की कार्रवाई की। इस दौरान शासन की योजनाओं का लाभ मिलने पर हितग्राहियों ने प्रशासन के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

शिविर में 20 यूनिट रक्तदान भी हुआ

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत आयोजित जिला स्तरीय शिविर में जनसेवा की मिसाल भी देखने को मिली। शिविर के दौरान रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 20 यूनिट रक्तदान किया। रक्तदाताओं ने जरूरतमंद मरीजों की सहायता के उद्देश्य से रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। इस पहल की उपस्थित अतिथियों एवं अधिकारियों ने सराहना की।

कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने कपास की सघन घनत्व रोपण प्रणाली (एचडीपीएस) का किया निरीक्षण

कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने आज मनावर तहसील के ग्राम जगन्नाथपुरा में कृषक दिनेश पिता नाथा जी के खेत पहुंचकर सघन घनत्व रोपण प्रणाली से लगाई गई कपास की फसल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने फसल की वर्तमान स्थिति, पौधों की वृद्धि, फूल एवं बोंड की स्थिति तथा सघन घनत्व प्रणाली से किसानों को होने वाले संभावित लाभों की जानकारी ली।

कृषक श्री दिनेश को कृषि विभाग द्वारा सघन कपास मिशन के अंतर्गत Bio Seed 6001 किस्म का कपास बीज निःशुल्क उपलब्ध कराया गया था। कृषक ने एक हेक्टेयर क्षेत्र में कुल 7.5 किलोग्राम अर्थात 15 पैकेट बीज का उपयोग करते हुए 28 जून 2026 को सघन घनत्व रोपण प्रणाली के माध्यम से कपास की बोवनी की।

और पढ़ें