बिजली कटौती और कम वोल्टेज से किसान परेशान, 500 किसानों ने बाकानेर ग्रिड पर किया प्रदर्शन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

विधायक डॉ. हीरालाल अलावा ने प्रशासन को दिया दो दिन का अल्टीमेटम, समस्या हल नहीं होने पर हजारों किसानों के साथ आंदोलन की चेतावनी

मनावर। (मप्र.) उमरबन विधानसभा क्षेत्र में पिछले 10 दिनों से जारी बिजली कटौती और कम वोल्टेज की समस्या से किसान परेशान हैं। मंगलवार को करीब 500 किसान बाकानेर ग्रिड पर एकत्रित हुए और बिजली कंपनी के अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रखीं। किसानों का कहना है कि समय पर बिजली नहीं मिलने से खेतों में खड़ी फसलें सूखने की कगार पर हैं। बिना सूचना बिजली कटौती किए जाने से किसानों में नाराजगी है। सोमवार की रात 2 बजे करीब भी ग्रामीण किसान मनावर ग्रिड पर पहुंचे थे, जिसके बाद मनावर की बिजली भी करीब 2 घंटे के लिए बंद थी।

मामले को लेकर मनावर विधायक डॉ. हीरालाल अलावा ने कलेक्टर और बिजली कंपनी के अधिकारियों को दो दिन में समस्या का समाधान करने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि मिर्जापुर, बाकानेर और अजन्दा क्षेत्र में बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे हजारों किसानों के साथ आंदोलन करेंगे।

विधायक डॉ. अलावा ने कहा कि किसानों को बिजली के लिए परेशान नहीं होने दिया जाएगा। यदि निर्धारित समय में समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और किसान प्रतिनिधि मौजूद रहे।

अब किसानों की निगाहें बिजली कंपनी की कार्रवाई पर टिकी हैं। देखना होगा कि दो दिन के भीतर बिजली कटौती और कम वोल्टेज की समस्या का समाधान हो पाता है या किसानों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ता है।

 

और पढ़ें