
ऑपरेशन प्रहार के तहत कपास और तुअर की फसल के बीच हो रही थी गांजे की खेती, तीन आरोपी फरार
मनावर (मप्र ) धार जिले के मनावर थाना पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम बोहारला में तीन अलग-अलग खेतों से गांजे के 1,223 हरे पौधे जब्त किए हैं। जब्त पौधों का कुल वजन 1,621.98 किलोग्राम यानी करीब 16.22 क्विंटल है। पुलिस के अनुसार, जब्त गांजे के पौधों की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 43 लाख रुपए है। मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है, जबकि सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं।
कपास और तुअर की फसल के बीच उगा रहे थे गांजा
पुलिस को मनावर क्षेत्र में खेतों के भीतर अवैध रूप से गांजे की खेती किए जाने की सूचनाएं मिल रही थीं। इसी दौरान 16 अक्टूबर को मुखबिर से ग्राम बोहारला के तीन खेतों में गांजे के पौधे लगाए जाने की सूचना मिली। सूचना की पुष्टि होने पर थाना प्रभारी राजेश यादव के नेतृत्व में पुलिस की तीन टीमों ने एक साथ दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान नारायण पिता प्रताप भिलाला के खेत से 440 पौधे, मुलचंद पिता अर्जुन कनेल भिलाला के खेत से 568 पौधे तथा रतन पिता रूपसिंह भिलाला के खेत से 215 पौधे जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार, आरोपी कपास और तुअर की फसल के बीच गांजे की खेती कर रहे थे।
तीन अलग-अलग अपराध दर्ज, आरोपियों की तलाश
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 729/26, 730/26 और 731/26 दर्ज कर धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत विवेचना शुरू की है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस गांजे की खेती, उसके उत्पादन और संभावित सप्लाई नेटवर्क के संबंध में पूछताछ करेगी।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर और एसडीओपी मनावर प्रदीप वाल्टर के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी राजेश यादव के नेतृत्व में सिंघाना चौकी प्रभारी अनूप बघेल, बाकानेर चौकी प्रभारी मनोज पाटीदार, उमरबन चौकी प्रभारी प्रकाश अलावा, सहायक उपनिरीक्षक राजेश गेहलोत सहित पुलिसकर्मियों और साइबर सेल की टीम का सराहनीय योगदान रहा।
पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों की खेती और कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।








