नगर परिषद के निर्णयों में हस्तक्षेप का सवाल ही नहीं, सीएमओ के मामले में भी आरोप निराधार : सावित्री ठाकुर
धरमपुरी। धार-महू लोकसभा क्षेत्र की सांसद सावित्री ठाकुर ने धरमपुरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक कालूसिंह ठाकुर द्वारा लगाए गए आरोपों पर अपना पक्ष रखते हुए उन्हें राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित, निराधार एवं तथ्यहीन बताया है। सांसद ने कहा कि उनका मूल दायित्व केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाना और क्षेत्र के विकास को गति देना है।
सांसद सावित्री ठाकुर ने कहा कि नगर परिषद अथवा अन्य स्थानीय निकायों से संबंधित निर्णय राज्य शासन और संबंधित स्थानीय प्रशासन के अधिकार क्षेत्र में आते हैं। ऐसे मामलों में उनके द्वारा किसी प्रकार का हस्तक्षेप किए जाने का प्रश्न ही नहीं उठता।
धामनोद सीएमओ के स्थानांतरण पर भी दी सफाई
धामनोद सीएमओ श्रीमती माया मंडलोई के स्थानांतरण को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर सांसद ने कहा कि उन्हें प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीएमओ को माननीय उच्च न्यायालय से एक वर्ष की स्थगन राहत प्राप्त हुई है और इसके बाद वे यथावत अपने पद पर कार्यरत हैं। सांसद ने स्पष्ट किया कि इस मामले में भी उन पर लगाए जा रहे आरोप तथ्यहीन हैं।
‘विधायक जी आएं, चाय पिलाकर स्वागत करूंगी’
सांसद ने बयान में राजनीतिक कटुता के बजाय संवाद का संदेश देते हुए कहा कि उनका कार्यालय आमजन के साथ-साथ सभी जनप्रतिनिधियों के लिए सदैव खुला है। उन्होंने धरमपुरी विधायक को भी आमंत्रित करते हुए कहा कि वे जब चाहें उनके कार्यालय आएं, उनका स्वागत है। सांसद ने कहा कि विधायक आएंगे तो उन्हें चाय पिलाकर आत्मीयता से स्वागत करेंगी और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक संवाद भी किया जाएगा।
सांसद के इस बयान के बाद धरमपुरी क्षेत्र की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप के बीच अब विकास के मुद्दों पर दोनों जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद की संभावना भी चर्चा में है।
विधायक के आरोप : विधायक कालूसिंह का दावा है कि अधिकारियों के विभिन्न स्तरों पर शिकायतें करने के बावजूद समाधान नहीं हुआ। इसी मुद्दे को लेकर विधायक ने 9 अक्टूबर 2026 से केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर के निवास के सामने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की घोषणा की है।








