
शासन की योजनाओं का लाभ लेने एक ही छत के नीचे पहुंचे नागरिक, अधिकारियों ने सुनी समस्याएं
मनावर। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और लोक सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सीधे पहुंचाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद मनावर द्वारा नगर के विक्रम समुदाय भवन मेला मैदान में ‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे और नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनके आवेदन एवं समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया।

मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत दिलाते हुए वार्ड स्तर पर ही शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराना है। प्रदेश में यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ का हिस्सा है। नगरीय क्षेत्रों में 4 अक्टूबर को विशेष सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

18 विभागों ने लगाए स्टॉल
नगर पालिका क्षेत्र में आयोजित शिविर में 18 संबंधित विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां नागरिकों को विभागीय योजनाओं, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। तहसीलदार विजय तलवाड़े और नगर पालिका मुख्य अधिकारी संतोष चौहान ने बताया कि केंद्र एवं प्रदेश शासन की हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ प्राप्त आवेदनों का विधिवत निराकरण किया गया। जिन आवेदनों का तत्काल निराकरण संभव नहीं हो सका, उनका नियमानुसार आगामी प्रक्रिया में निराकरण किया जाएगा।

शासन के निर्धारित कार्यक्रम में राजस्व सेवाओं के साथ खाद्य, स्वास्थ्य, नगरीय प्रशासन, कृषि, श्रम, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय, ऊर्जा, स्कूल शिक्षा सहित अनेक विभागों की सेवाएं शामिल हैं। इनमें आय एवं निवासी प्रमाण-पत्र, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, खसरा-नक्शा, किसान फार्मर आईडी, राशन कार्ड ई-केवाईसी, आयुष्मान भारत, पीएम स्वनिधि, किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, किसान क्रेडिट कार्ड, लाड़ली बहना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, छात्रवृत्ति सहित विभिन्न योजनाओं से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

अधिकारी बोले—आने वाले आवेदनों का भी होगा निराकरण
तहसीलदार विजय तलवाड़े एवं सीएमओ संतोष चौहान ने कहा कि शिविर का उद्देश्य केवल योजनाओं की जानकारी देना नहीं, बल्कि नागरिकों की समस्याओं को सुनकर उन्हें शासन की योजनाओं से जोड़ना और पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाना है। शिविर में प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार निराकरण किया गया है तथा इसके बाद भी प्राप्त होने वाले आवेदनों पर कार्रवाई जारी रहेगी।

शिविर में भाजपा ग्रामीण जिला अध्यक्ष चंचल पाटीदार, नगर पालिका अध्यक्ष अजय पाटीदार, भाजपा नगर अध्यक्ष मोनू पाटीदार, पार्षद लोकेश मुकाती, महिला जिला अध्यक्ष सोनाली श्रीवास्तव, लालसिंह बर्मन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

शिविर की खासियत यह रही कि अलग-अलग सरकारी कार्यालयों में जाने के बजाय नागरिकों को एक ही स्थान पर अनेक विभागों की सेवाएं और योजनाओं की जानकारी उपलब्ध हुई।








