जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में आज मंगलवार शाम CISF कैंप में आपसी विवाद के बाद गोलीबारी की घटना सामने आई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बसोहली के मशका क्षेत्र स्थित सेवा हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर प्रोजेक्ट पर तैनात CISF जवानों के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई, जिसके बाद एक हेड कांस्टेबल ने अपने साथियों पर फायरिंग कर दी।

गोलीबारी में असिस्टेंट कमांडेंट एवं कंपनी कमांडर अंकित कुमार पांडे, सब-इंस्पेक्टर लक्ष्मण सिंह, कांस्टेबल संजीव कुमार और कांस्टेबल मोहम्मद रफीक की मौत हो गई। आरोपी CISF हेड कांस्टेबल को हिरासत में लिया गया है।

घटना के कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। CISF मुख्यालय ने कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दिए हैं, जबकि पुलिस और CISF की टीमें पूरे मामले की जांच कर रही हैं। घटनास्थल जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में हिमाचल प्रदेश की सीमा के पास स्थित है।









