
टांडा से वडोदरा प्रताप नगर तक शुरू हुई मेमो ट्रेन, पीएम मोदी ने वर्चुअल माध्यम से दिखाई हरी झंडी
टांडा/धार। धार जिले के इतिहास में 8 सितंबर 2026 का दिन एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में दर्ज हो गया। जिले के ग्रामीण अंचल में पहली बार रेल सेवा की शुरुआत हुई। गंधवानी विधानसभा क्षेत्र के टांडा से वडोदरा के प्रताप नगर तक मेमो ट्रेन का संचालन शुरू किया गया। वडोदरा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। वहीं टांडा में आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री एवं धार सांसद सावित्री ठाकुर मुख्य रूप से मौजूद रहीं।

ट्रेन के शुभारंभ अवसर पर अलीराजपुर विधायक नागरसिंह चौहान, धार विधायक नीना वर्मा, धार जिला ग्रामीण भाजपा अध्यक्ष चंचल पाटीदार, कांग्रेस जिला अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी, धार कलेक्टर राजीव रंजन मीणा, पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा, सुरमा सोलंकी, हेमंत खटोड़, सचिन पांडेय सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

ग्रामीण अंचल में पहली बार पटरी पर दौड़ी रेल
रेल सेवा शुरू होने के साथ ही लंबे समय से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों का सपना साकार हुआ। आजादी के बाद पहली बार इस क्षेत्र की पटरी पर यात्री रेल दौड़ी है। इससे धार जिले के ग्रामीण एवं आदिवासी अंचल के लोगों को गुजरात से सीधा रेल संपर्क मिलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
हालांकि धार से वडोदरा तक रेल मार्ग की संपूर्ण यात्री सुविधा के लिए क्षेत्रवासियों को अभी और इंतजार करना होगा। फिलहाल गंधवानी विधानसभा क्षेत्र के टांडा से वडोदरा के प्रताप नगर तक मेमो ट्रेन का संचालन शुरू किया गया है। आगामी समय में रेल सुविधा के विस्तार से धार जिले के अन्य क्षेत्रों को भी इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।

सुरक्षित यात्रा को बताया प्राथमिकता
शुभारंभ कार्यक्रम में सांसद सावित्री ठाकुर ने कहा कि ग्रामीण अंचल का लंबे समय से देखा जा रहा सपना आज पूरा होने जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्र में रेल सुविधा मिलना बहुत बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से रेल सेवा का सुरक्षित तरीके से उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षित यात्रा करना हम सभी का कर्तव्य है। यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की घटना या असुरक्षित वातावरण की स्थिति में संबंधित अधिकारियों को तत्काल रिपोर्ट या शिकायत करें।

व्यापारी बोले—कम खर्च में गुजरात तक होगा सफर
स्थानीय व्यापारी पारसमल जैन ने रेल सेवा शुरू होने पर खुशी जताते हुए कहा कि देश की आजादी के बाद पहली बार ग्रामीण अंचल में रेल पटरी पर दौड़ रही है। उन्होंने कहा कि गुजरात जाने वाले ग्रामीण क्षेत्र के यात्रियों को अब कम खर्च में लंबा सफर पूरा करने का अवसर मिलेगा। व्यापारी, मजदूर और अन्य यात्रियों के साथ ही क्षेत्र के आम लोगों को भी इस रेल सेवा का व्यापक लाभ मिलेगा।
उन्होंने रेल सेवा शुरू करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित केंद्र सरकार और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
8 सितंबर 2026 को शुरू हुई यह रेल सेवा धार जिले के ग्रामीण अंचल के लिए केवल यातायात का साधन नहीं, बल्कि विकास, रोजगार, व्यापार और गुजरात से बेहतर संपर्क की नई उम्मीद के रूप में देखी जा रही है।

रेल आई है लेकिन इतिहास मत भूलिए : कांग्रेस जिलाध्यक्ष जोशी
टांडा में रेल की शुरुआत होने के अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष स्वतंत्र जोशी ने कहा कि आज आदिवासी अंचल में रेल परियोजना के शुभारंभ को लेकर खूब वाहवाही हो रही है, तस्वीरें खिंच रही हैं और श्रेय लेने की होड़ लगी है। लेकिन सवाल यह है कि जिस रेल परियोजना की नींव करीब 18 साल पहले रखी गई थी, उसका इतिहास भाजपा के नेताओं को कौन बताएगा? बताया कि दाहोद–इंदौर रेल परियोजना वर्ष 2007-08 में स्वीकृत हुई थी। इसके बाद 8 फरवरी 2008 को झाबुआ की धरती पर तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी ने इस रेल परियोजना का भूमिपूजन किया था और उस समय देश के रेल मंत्री श्री लालू प्रसाद यादव जी थे। यानी जिस रेल की नींव कांग्रेस के शासनकाल में रखी गई, जिस परियोजना को तत्कालीन सरकार ने स्वीकृति दी और जिसका भूमिपूजन तत्कालीन प्रधानमंत्री ने किया, आज उसी काम का पूरा श्रेय लेने की कोशिश की जा रही है।








