काशी में सावित्री ठाकुर ने दिया ‘सही पोषण—देश रोशन’ का संदेश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

9वें राष्ट्रीय पोषण माह के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी की मौजूदगी

धार। महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के स्वस्थ एवं सशक्त भविष्य के बिना विकसित भारत का संकल्प पूरा नहीं हो सकता। इसी उद्देश्य के साथ बाबा विश्वनाथ और माता अन्नपूर्णा की पावन नगरी काशी में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में धार-महू लोकसभा क्षेत्र की सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार श्रीमती सावित्री ठाकुर विशेष रूप से शामिल हुईं।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान ‘सही पोषण—देश रोशन’ का संदेश देते हुए महिलाओं, गर्भवती माताओं, किशोरियों एवं बच्चों के बेहतर पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।

सही पोषण सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र की नींव

केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि “सही पोषण केवल स्वस्थ जीवन का आधार नहीं, बल्कि सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र की नींव है।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत–2047’ के संकल्प को साकार करने में पोषण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने संतुलित एवं पौष्टिक आहार को बढ़ावा देने, कुपोषण की रोकथाम तथा महिलाओं और बच्चों में पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने के लिए जनभागीदारी को मजबूत करने की आवश्यकता बताई।

धार-मनावर सहित जनजातीय अंचलों में अभियान की अहम भूमिका

राष्ट्रीय पोषण माह धार-महू लोकसभा क्षेत्र के ग्रामीण एवं जनजातीय अंचलों के लिए भी महत्वपूर्ण अभियान है। विशेषकर धार-मनावर क्षेत्र में आंगनवाड़ी केंद्रों और कार्यकर्ताओं के माध्यम से महिलाओं एवं बच्चों तक पोषण, स्वास्थ्य और स्वच्छता संबंधी संदेश पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा रही है।

सावित्री ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार ने महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण को सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल किया है। पोषण अभियान, आंगनवाड़ी सेवाओं के सुदृढ़ीकरण तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े परिवार तक सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पोषण माह को महज सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे जनआंदोलन का स्वरूप देना होगा। इसमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, स्वयं सहायता समूहों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आमजन की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

स्वस्थ मां और स्वस्थ बच्चा ही मजबूत भारत का आधार

9वें राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान संतुलित आहार, कुपोषण की रोकथाम, गर्भवती एवं धात्री माताओं की देखभाल, बच्चों के स्वास्थ्य तथा पोषण संबंधी जागरूकता को गांव-गांव तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

सावित्री ठाकुर ने कहा कि स्वस्थ बच्चा मजबूत भारत का आधार है और स्वस्थ मां सशक्त परिवार की नींव है। इसलिए पोषण को लेकर प्रत्येक परिवार और समाज को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की महिला कल्याण, बाल विकास एवं पोषण मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य, श्रम एवं रोजगार मंत्री श्री अनिल राजभर सहित राज्य सरकार के मंत्रीगण, विधायकगण तथा बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।

और पढ़ें