
मनावर। मप्र.- मध्यप्रदेश पुलिस अपराध अनुसंधान को आधुनिक तकनीक से सशक्त बनाने की दिशा में लगातार कदम बढ़ा रही है। इसी क्रम में गुरुवार को धार जिले में ई-विवेचना टैबलेट प्रणाली का शुभारंभ किया गया। यह पहल राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो (SCRB) भोपाल के CCTNS प्रोजेक्ट के अंतर्गत शुरू की गई है, जिससे अपराध अनुसंधान अधिक तेज, पारदर्शी और प्रभावी बनाया जा सकेगा।
मनावर में आयोजित कार्यक्रम में डीआईजी वीरेंद्र सिंह (होशंगाबाद रेंज), डीआईजी मनोज कुमार सिंह (इंदौर) तथा धार पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मनावर, कुक्षी और धामनोद अनुभाग के विवेचना अधिकारियों को ई-विवेचना टैबलेट वितरित किए गए, जिनका उद्देश्य विवेचना कार्य की गुणवत्ता, दक्षता और पारदर्शिता बढ़ाना है।

पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत विवेचना अधिकारी अब घटनास्थल से ही डिजिटल केस डायरी तैयार कर सकेंगे। इसके साथ ही फोटो, वीडियो एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को तत्काल सुरक्षित रूप से अपलोड किया जा सकेगा। पहले चरण में मनावर थाना सहित जिले के 9 थाना प्रभारियों और 5 चौकी प्रभारियों को ई-विवेचना टैबलेट उपलब्ध कराए गए हैं। आगामी चरणों में शेष थानों और चौकियों को भी यह सुविधा प्रदान की जाएगी।

ई-विवेचना प्रणाली के माध्यम से जप्ती पंचनामा, गिरफ्तारी पंचनामा, अपराध विवरण प्रपत्र, एमएलसी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अधिकांश विवेचना संबंधी दस्तावेज मौके पर ही ऑनलाइन तैयार किए जा सकेंगे। यह प्रणाली भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के प्रावधानों के अनुरूप नोटिस जारी करने तथा वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा ऑनलाइन मॉनिटरिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराएगी।

धार पुलिस का मानना है कि इस डिजिटल प्रणाली से कागजी कार्यवाही में कमी आएगी, साक्ष्यों का वैज्ञानिक संरक्षण सुनिश्चित होगा तथा अपराध अनुसंधान की गति और गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा। यह पहल डिजिटल पुलिसिंग को मजबूत करने के साथ-साथ आमजन को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और त्वरित पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
इस अवसर पर मनावर एसडीओपी बृजेश कुमार मालवीय, धामनोद एसडीओपी मोनिका सिंह, कुक्षी एसडीओपी सुनील गुप्ता तथा मनावर थाना प्रभारी राजेश यादव, धामनोद थाना प्रभारी संतोष यादव, गंधवानी थाना प्रभारी प्रदीप खन्ना सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।









