
कोच्चि/धार। भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत केरल के कोच्चि में आयोजित ब्रिक्स महिला मंत्रिस्तरीय सम्मेलन में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर ने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए महिला सशक्तिकरण, समावेशी विकास और सतत आर्थिक प्रगति पर भारत का दृष्टिकोण प्रस्तुत किया। सम्मेलन में ब्रिक्स सदस्य देशों के मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और प्रतिनिधिमंडल शामिल हुए।
अपने संबोधन में श्रीमती ठाकुर ने कहा कि आज पूरी दुनिया समावेशी और सतत विकास की दिशा में आगे बढ़ रही है। ऐसे समय में महिलाओं का सशक्तिकरण केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि आर्थिक विकास, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की अनिवार्य आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जिस देश की महिलाएं सशक्त होती हैं, वहां की अर्थव्यवस्था अधिक मजबूत, समाज अधिक समावेशी और शासन व्यवस्था अधिक प्रभावी बनती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने महिला सशक्तिकरण को विकास की मुख्यधारा में रखा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, वित्तीय समावेशन, कौशल विकास, उद्यमिता और डिजिटल सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में संचालित विभिन्न योजनाओं से करोड़ों महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
श्रीमती ठाकुर ने ब्रिक्स देशों के बीच महिलाओं के नेतृत्व, नवाचार, कौशल, उद्यमिता और आर्थिक भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए आपसी सहयोग तथा अनुभवों के आदान-प्रदान पर जोर दिया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह सम्मेलन महिला-केंद्रित नीतियों को नई दिशा देने के साथ-साथ सदस्य देशों के बीच सहयोग को और अधिक मजबूत करेगा। सम्मेलन के दौरान उन्होंने ब्रिक्स सदस्य देशों से आए मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और प्रतिनिधिमंडलों से सौहार्दपूर्ण संवाद भी किया तथा भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना से सभी का स्वागत किया।
इस अवसर पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी भी उपस्थित रहीं। सम्मेलन को वैश्विक स्तर पर महिला सशक्तिकरण, लैंगिक समानता और सतत विकास के साझा संकल्प को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।









