SAFE CLICK 2.0 अभियान के तहत इंदौर से आरोपी दबोचा, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
मनावर। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे SAFE CLICK 2.0 साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत मनावर पुलिस ने ऑनलाइन साइबर ठगी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार 24 जून से 8 जुलाई 2026 तक पूरे प्रदेश में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं जनजागरूकता के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के निर्देश पर साइबर ठगी के मामलों में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं ठगी गई राशि की बरामदगी के लिए विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर, एसडीओपी बृजेश कुमार मालवीय तथा थाना प्रभारी राजेश यादव के मार्गदर्शन में गठित टीम ने गुरुग्राम (हरियाणा), पालघर एवं मुंबई (महाराष्ट्र) सहित विभिन्न स्थानों पर जांच और तलाश की। कार्रवाई के दौरान इंदौर निवासी शाबीर पिता सलीम शाह (28 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, मनावर निवासी फरियादी अनिल पिता मोहनलाल अग्रवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी फेसबुक आईडी पर ‘काव्या परिहार’ नाम से एक फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। इसके बाद संबंधित व्यक्ति ने एक लिंक भेजकर ऑनलाइन खाता खुलवाया और अधिक लाभ का लालच देकर अलग-अलग किश्तों में कुल 2 लाख 87 हजार रुपये की ठगी कर ली। शिकायत के आधार पर थाना मनावर में अपराध क्रमांक 833/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) एवं 319(2) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

गिरफ्तार आरोपी
– शाबीर पिता सलीम शाह (28 वर्ष), निवासी लाबरिया भेरू, इंदौर।
फरार आरोपी
– अनीश शेख एवं उसके अन्य साथी, जिनकी तलाश जारी है।
इनका रहा विशेष योगदान
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेश यादव, उप निरीक्षक मनीष चौधरी, आरक्षक जितेन्द्र कुशवाह सहित साइबर टीम धार के उप निरीक्षक प्रशांत गुंजाल, प्रधान आरक्षक सर्वेश सिंह सोलंकी, आरक्षक प्रशांत चौहान एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर आने वाली अनजान फ्रेंड रिक्वेस्ट, निवेश संबंधी लिंक या अधिक मुनाफे के झांसे में न आएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन पर सूचना दें।









