गुजरात जा रही अवैध शराब को आलीराजपुर पुलिस ने जब्त की: ₹2.45 करोड़ की शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

अलीराजपुर। मप्र – एसपी रघुवंश सिंह के निर्देशन में जोबट थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आयशर कंटेनरों से 2,002 पेटी (करीब 17,409 बल्क लीटर) अवैध शराब जब्त की है।

गृह विभाग ने जानकारी साझा की। पुलिस के अनुसार जब्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹2.45 करोड़ है। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों कंटेनरों को भी जब्त कर लिया है तथा आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

यह कार्रवाई अवैध शराब के परिवहन और तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में जिला पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों और नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

चांदपुर–पिटोल बॉर्डर बना गुजरात शराब तस्करी का मुख्य मार्ग, लगातार हो रही बड़ी कार्रवाई

मध्य प्रदेश–गुजरात सीमा पर स्थित चांदपुर–पिटोल बॉर्डर अवैध शराब तस्करी के लिए एक प्रमुख मार्ग बनता जा रहा है। गुजरात में शराबबंदी लागू होने के कारण तस्कर इस सीमा क्षेत्र का उपयोग कर बड़ी मात्रा में शराब की खेप पहुंचाने की कोशिश करते हैं। समय-समय पर पुलिस और आबकारी विभाग द्वारा यहां से शराब से भरे ट्रक एवं कंटेनर जब्त किए जाते रहे हैं।

हाल के वर्षों में चांदपुर, पिटोल बॉर्डर और आसपास के क्षेत्रों में करोड़ों रुपये मूल्य की अवैध शराब जब्त होने की कई कार्रवाई सामने आई हैं। पुलिस का मानना है कि संगठित तस्कर अलग-अलग राज्यों से शराब लाकर गुजरात में खपाने के लिए इस मार्ग का इस्तेमाल करते हैं, जिसके चलते सीमा पर निगरानी लगातार बढ़ाई जा रही है।

प्रशासन का कहना है कि अंतरराज्यीय समन्वय, नियमित वाहन जांच और खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई जारी है। अधिकारियों का उद्देश्य अवैध शराब तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाना और तस्करी में शामिल नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना है।

और पढ़ें