कलेक्टर की आमजन से अपील: हेल्पलाइन पर करें शिकायत
इंदौर ( सिंघम रिपोर्टर) । कलेक्टर शिवम वर्मा को झलारिया कैंपस बाईपास रोड स्थित शिशुकुंज स्कूल के भोजन से बच्चों का स्वास्थ्य खराब होने की शिकायत पालकों से प्राप्त हुई थी। शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए कलेक्टर वर्मा के निर्देश पर एक संयुक्त जांच दल का गठन कर स्कूल का औचक निरीक्षण किया गया।
*23 खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच हेतु भेजे गए*
जांच दल द्वारा स्कूल के किचन का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस दौरान किचन में उपयोग की जा रही खाद्य सामग्री जैसे पनीर, आइसक्रीम, 6 प्रकार के मसाले, शरबत, राजमा, तेल, नमकीन, 4 प्रकार की दालें, दूध, तैयार दाल, तैयार कोफ्ते, कोफ्ते की सब्जी, पके हुए चावल, रोटी और पीने के पानी सहित कुल 23 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। इन सभी सैंपलों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

निरीक्षण के दौरान स्कूल किचन में एक्सपायरी डेट निकल चुके मसालों के 10 पैकेट और नमकीन के 2 पैकेट पाए गए। जिसका प्रकरण तैयार किया गया। संयुक्त दल द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए स्कूल के किचन को आगामी आदेश तक के लिए सील कर दिया गया है। मामले में नियमानुसार प्रकरण भी तैयार किया गया है।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में एसडीएम कनाड़िया दीपक चौहान, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी माधव प्रसाद हासानी, खाद्य सुरक्षा प्रशासन के खाद्य सुरक्षा अधिकारी, शिक्षा विभाग तथा पुलिस प्रशासन के अधिकारी मुख्य रूप से सम्मिलित रहे।

कलेक्टर वर्मा ने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी स्कूल, हॉस्टल, मेस, कैंटीन अथवा खाद्य प्रतिष्ठान में गंदगी, मिलावट, अस्वच्छ परिस्थितियां, बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार या अन्य खाद्य सुरक्षा संबंधी अनियमितताएं दिखाई दें, तो इसकी सूचना तुरंत कलेक्टर हेल्पलाइन 0731-181 पर अवश्य दें। प्राप्त शिकायतों पर प्रशासन द्वारा त्वरित जांच और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।








