मनावर में गूंजा आदिवासी एकता का संदेश, हजारों युवाओं ने निकाली विशाल रैली

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

विश्व आदिवासी दिवस पर जयस के नेतृत्व में निकला भव्य जुलूस, तीर-कमान लेकर शामिल हुए विधायक डॉ. हीरालाल अलावा व भाजपा नेता गणेश जर्मन; जगह-जगह हुआ पुष्पवर्षा से स्वागत

मनावर। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को मनावर में आदिवासी समाज की एकता, संस्कृति और अधिकारों का संदेश देते हुए जयस आदिवासी युवा संगठन के नेतृत्व में विशाल रैली निकाली गई। धार रोड स्थित कृषि उपज मंडी परिसर से शुरू हुई रैली में 3 हजार से अधिक युवाओं ने भाग लिया। पारंपरिक वेशभूषा, तीर-कमान, लोकनृत्य, ढोल-वाद्य यंत्रों और आकर्षक चलित झांकियों ने पूरे नगर को आदिवासी संस्कृति के रंग में रंग दिया।

रैली में जयस के राष्ट्रीय संरक्षक एवं मनावर विधायक डॉ. हीरालाल अलावा, गणेश जर्मन, निरंजन डावर, कैलाश राणा, मेहताब फौजी सहित विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों से जुड़े प्रतिनिधि हाथों में तीर-कमान लेकर शामिल हुए। रैली के नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरने के दौरान जगह-जगह विभिन्न संगठनों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने मंच लगाकर पुष्पवर्षा से स्वागत किया।

जल, जंगल और जमीन का संदेश देती रहीं झांकियां

रैली में आदिवासी समाज की समृद्ध परंपरा और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली। युवाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में लोकनृत्य प्रस्तुत किए, वहीं ढोल और अन्य पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन पर लोग उत्साह से झूमते नजर आए। डीजे और सांस्कृतिक नृत्य टीमों ने भी प्रस्तुतियां दीं।

नशामुक्त समाज का लिया संकल्प

कार्यक्रम के दौरान आदिवासी समाज को नशे से दूर रखने और जल, जंगल एवं जमीन की रक्षा करने का संकल्प भी दिलाया गया। भाजपा नेता गणेश जर्मन ने कहा कि नशा समाज के घरों, स्वास्थ्य और संस्कृति को प्रभावित कर रहा है। उन्होंने युवाओं से नशे का त्याग कर अपनी संस्कृति और विरासत को बचाने तथा समाज को एकजुट एवं मजबूत बनाने का आह्वान किया।

नई पीढ़ी को अधिकार और संस्कृति से जोड़ना उद्देश्य : अलावा

विधायक डॉ. हीरालाल अलावा ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस का उद्देश्य समाज को जागरूक करना और नई पीढ़ी को अपने संवैधानिक अधिकारों, पहचान एवं समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की जानकारी देना है। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा मान्यता प्राप्त विश्व आदिवासी दिवस का मध्यप्रदेश में विशेष महत्व है, क्योंकि प्रदेश में बड़ी संख्या में आदिवासी समाज निवास करता है। विधायक ने बताया कि रैली में जल, जंगल और जमीन के संरक्षण, आदिवासी अधिकारों और सामाजिक जागरूकता से जुड़े संदेशों को लेकर चलित झांकियां भी शामिल की गईं।

कांग्रेस नेताओं ने भी किया स्वागत

रैली के गांधी चौराहे पहुंचने पर कांग्रेस नगर एवं ब्लॉक कमेटी के पदाधिकारियों लोकेश पाटीदार, सुमित खटोड़, संतोष काकरेचा, हरीश खंडेलवाल, लक्ष्मी जाट, अख्तर बी, रवींद्र पाटीदार, सुनील इसके, अनिल मकवाना, पवन अलावा, भानु शर्मा, जया वानखेड़े तथा सामाजिक संगठनों की ओर से मंच लगाकर पुष्पवर्षा करते हुए रैली का स्वागत किया गया। स्वागत के दौरान कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने आदिवासी समाज की एकता और सांस्कृतिक विरासत को नमन किया। नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर रैली का उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया।

मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान

विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में मनावर एवं उमरबन ब्लॉक के 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर टॉप करने वाले 8 होनहार छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा समाज के अन्य विद्यार्थियों को भी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

विधायक निवास पर हुआ समापन

कृषि उपज मंडी परिसर से प्रारंभ हुई विशाल रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए विधायक निवास पहुंची, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ। पूरे आयोजन के दौरान आदिवासी समाज के युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद

विशाल रैली को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए। एसडीओपी बृजेश कुमार मालवीय और थाना प्रभारी राजेश यादव सहित विभिन्न चौकियों के प्रभारी एवं पुलिस बल पूरे समय तैनात रहा। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने रैली के दौरान यातायात व्यवस्था संभालने के साथ सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी।

और पढ़ें