
13 अगस्त को जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा, 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर होंगे आयोजन
मनावर। भारतीय जनता पार्टी धार ग्रामीण जिला कार्यालय, मनावर में संगठन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी संगठनात्मक एवं राष्ट्रभक्ति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई तथा उनकी रूपरेखा तय की गई।
बैठक में 9 से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जिलेभर में व्यापक स्तर पर संचालित करने का निर्णय लिया गया। भाजपा ने जिले के सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रत्येक घर तक तिरंगे का संदेश पहुंचाएं और अधिक से अधिक नागरिकों को इस अभियान से जोड़ें।
बैठक में 13 अगस्त को जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा आयोजित करने की रूपरेखा भी तय की गई। यात्रा में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। भाजपा ग्रामीण जिला संगठन प्रभारी राधेश्याम यादव ने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

वहीं 14 अगस्त को ‘विभाजन की विभीषिका स्मृति दिवस’ के अवसर पर जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से देश के विभाजन के दौरान हुई पीड़ा, विस्थापन और संघर्ष को याद करते हुए नई पीढ़ी को उस दौर के इतिहास से अवगत कराने का प्रयास किया जाएगा।
इसी क्रम में 14 अगस्त को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित महापुरुषों के स्मारकों एवं प्रतिमाओं की साफ-सफाई कर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन किया जाएगा। सभी मंडलों के कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में महापुरुषों के स्मारकों की स्वच्छता एवं सम्मान सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बैठक में भाजपा धार ग्रामीण जिले के सभी मंडलों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तिथियों और तैयारियों पर भी चर्चा की गई। संगठन की ओर से मंडल स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा सभी कार्यक्रमों को समयबद्ध एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में मंचासीन अतिथि विधायक कालू सिंह ठाकुर एवं जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेड़ा ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अपने विचार रखे।
वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों और राष्ट्रभावना को मजबूत करने का अवसर है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रध्वज के सम्मान और देशभक्ति की भावना से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व सांसद छतर सिंह दरबार, पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद शर्मा, डॉ. राज बर्फ, पूर्व मंत्री जगदीश मुवेल, मोर्चा जिलाध्यक्ष लाल सिंह बर्मन, सोनाली श्रीवास्तव सहित जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष राकेश मोटसरा ने किया, जबकि आभार जिला महामंत्री महेंद्र मेरती ने व्यक्त किया।









