10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने निकाली 15 किमी लंबी ‘समरसता संकल्प’ कावड़ यात्रा, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सावन के दूसरे सोमवार पर मनावर में गूंजा हर-हर महादेव

मनावर। धार जिले के मनावर क्षेत्र में सावन के दूसरे सोमवार को धर्म और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम देखने को मिला। जिला पंचायत सदस्य एवं विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी शिवराम गोपाल कन्नौज के नेतृत्व में नर्मदा तट स्थित ग्राम बड़ा बड़दा से ग्राम हनुमंत्या के हनुमंतेश्वर महादेव मंदिर तक करीब 15 किलोमीटर लंबी ‘समरसता संकल्प’ कावड़ यात्रा निकाली गई। यात्रा में 10 हजार से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे मार्ग में ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों से वातावरण शिवमय बना रहा।

यात्रा का शुभारंभ भजन गायकों द्वारा प्रस्तुत शिव भजनों के साथ हुआ। नर्मदा जल लेकर कावड़िए पैदल यात्रा पर निकले और बाकानेर होते हुए हनुमंतेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। रास्ते में ग्रामीणों एवं स्थानीय लोगों ने कावड़ यात्रियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। शाम करीब 5 बजे श्रद्धालुओं ने हनुमंतेश्वर महादेव का नर्मदा जल से जलाभिषेक किया। इसके बाद भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।

सेमल्दा से बंकनाथ अटल दरबार तक निकली कावड़ यात्रा

इसी क्रम में ग्राम सेमल्दा से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु नर्मदा जल लेकर मनावर के प्राचीन बंकनाथ अटल दरबार मंदिर के लिए पैदल रवाना हुए। वहीं भाजपा के पूर्व सांसद छतरसिंह दरबार के पुत्र गोलू दरबार के नेतृत्व में भी कावड़ यात्रा निकाली गई। विभिन्न कावड़ यात्राओं के चलते क्षेत्र में दिनभर धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल रहा।

इसी कड़ी में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी निरंजन डाबर ने भी सेमल्दा से नर्मदा का जल लेकर ग्राम लोनी कावड़ यात्रा निकाली, जिसका जगह जगह स्वागत सम्मान किया।

तीन हजार कावड़ियों को बांटी साबूदाना खिचड़ी और फलाहार

कावड़ यात्रियों की सेवा के लिए भाजपा जिला पंचायत सदस्य गणेश जर्मन द्वारा कृषि उपज मंडी में प्रसादी की व्यवस्था की गई। यहां करीब 5 क्विंटल साबूदाना खिचड़ी, फलाहारी चिप्स और केले का वितरण किया गया। लगभग 3 हजार कावड़ यात्रियों ने प्रसादी ग्रहण की।

जिलाध्यक्ष ने विभिन्न कावड़ यात्राओं में की सहभागिता

भाजपा जिलाध्यक्ष चंचल पाटीदार ने श्री बिल्वामृतेश्वर महादेव मंदिर से निकलने वाली श्री जागीरदार कावड़ यात्रा, प्रशांत शर्मा की अगुवाई में आयोजित यात्रा तथा शिवराम गोपाल कन्नौज के नेतृत्व में निकली समरसता संकल्प कावड़ यात्रा सहित विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित धार्मिक आयोजनों में सहभागिता की। उन्होंने कावड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं के साथ धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होकर शुभकामनाएं दीं।

जन्मदिन पर हुआ स्वागत

इसी दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष चंचल पाटीदार के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं द्वारा विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा ग्रामीण धार जिला मीडिया प्रभारी विजय राठौड़ सिघाना ने बताया कि पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने चंचल पाटीदार का पुष्पमालाओं से स्वागत कर जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं ने मिठाई खिलाकर उनके स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की।

इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह और उमंग का माहौल रहा। वहीं सोशल मीडिया के माध्यम से भी बड़ी संख्या में शुभचिंतकों ने चंचल पाटीदार को जन्मदिन की शुभकामनाएं प्रेषित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कावड़ यात्रा के इस आयोजन के दौरान भाजपा नेता प्रकाश पांडे, नारायण सोनी, मोनू पाटीदार, अमित शर्मा, पिंकी वास्केल सहित ग्रामीण जिले के स्थानीय लोग मौजूद रहे। वही कांग्रेस नगर अध्यक्ष सुमित खटोड़ के नेतृत्व में नारायण जौहरी, अख्तर बी, लक्ष्मी जाट सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने कावड़ियों का स्वागत सम्मान किया गया।

और पढ़ें