
मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री सूर्यकांत की मौजूदगी में हुआ भूमिपूजन, आधुनिक सुविधाओं से होगा सुसज्जित
उज्जैन। देश के माननीय मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री सूर्यकांत एवं सीएम डॉ मोहन यादव की गरिमामयी उपस्थिति में आज उज्जैन में ₹18.66 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले न्यायाधीश अतिथि गृह का भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर न्यायिक क्षेत्र से जुड़े अधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
प्रस्तावित न्यायाधीश अतिथि गृह G+2 इमारत होगी, जिसमें 15 कमरे होंगे, यह आधुनिक सुविधाओं सुसज्जित किया जाएगा। इसके निर्माण का उद्देश्य उज्जैन प्रवास पर आने वाले न्यायाधीशगण को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक आवासीय सुविधा उपलब्ध कराना है। अतिथि गृह में आवश्यक आधुनिक व्यवस्थाओं के साथ न्यायिक अधिकारियों के ठहरने के लिए उपयुक्त सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
उज्जैन धार्मिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से देश के प्रमुख शहरों में शामिल है और यहां समय-समय पर न्यायपालिका से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यक्रम भी आयोजित होते हैं। ऐसे में न्यायाधीश अतिथि गृह के निर्माण से न्यायिक अधिकारियों के आवास की व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान अतिथि गृह की निर्माण योजना तथा प्रस्तावित सुविधाओं को लेकर भी जानकारी दी गई। ₹18.66 करोड़ की लागत से बनने वाली यह सुविधा उज्जैन की न्यायिक अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।








