
एसडीओपी को ज्ञापन दिया, निष्पक्ष जांच की मांग की
मनावर : (सिंघम रिपोर्टर) नगर में पिछले दिनों हुई 34 वर्षीय अंकित जैन की आत्महत्या के मामले में दर्ज प्रकरण को लेकर नया घटनाक्रम सामने आया है। मामले में नामजद आरोपियों के परिजनों और समाजजनों ने शुक्रवार को पुलिस अनुविभागीय अधिकारी ब्रजेश कुमार मालवीया को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की।
ज्ञापन में समाज के प्रतिनिधि जितेंद्र आदिवाल ने कहा कि मनावर थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 458/2026 में जीतू आदिवाल और संतोष आदिवाल को गलत तरीके से आरोपी बनाया गया है। उन्होंने मामले की सभी पहलुओं से जांच कराने की मांग की। जितेंद्र आदिवाल ने ज्ञापन में दावा किया कि उनके परिजनों का मृतक अंकित जैन से कोई प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संबंध नहीं था। उनका कहना है कि घटना के समय दोनों नामजद व्यक्ति मौके पर मौजूद नहीं थे और न ही वे किसी गतिविधि में शामिल थे। जबकि हाल ही me एक जानकारी प्राप्त हुई जिसमें बताया गया कि गोपाल सोनी को मकान गिरवी रखा हुआ था उसका कोई जिक्र तक नहीं किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि पर्याप्त तथ्यों की जांच किए बिना उनके परिजनों के नाम प्रकरण में शामिल कर लिए गए हैं
ज्ञापन में बताया गया कि पिछले वर्ष मृतक के पिता संजय जैन और जीतू आदिवाल के बीच लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। हालांकि, समाजजनों का कहना है कि इसके बाद मृतक अंकित जैन और जीतू आदिवाल के बीच किसी प्रकार का सीधा लेन-देन या संपर्क नहीं था।
उन्होंने प्रशासन से मामले में तथ्यों के आधार पर जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की। सुनवाई नहीं होने पर उच्च अधिकारियों से मिलने की चेतावनी दी। समाजजनों ने कहा कि यदि उनकी बात पर उचित विचार नहीं किया गया तो वे इंदौर ग्रामीण आईजी और धार पुलिस अधीक्षक से मिलकर अपनी बात रखेंगे। आरोप लगाया कि पुलिस ने मामले में कोई गंभीर जांच नहीं की और आसानी से हमें मुजरिम बना दिया जबकि हमारा कोई लेना-देना नहीं है।
इस दौरान विशाल आदिवाल, सनी चौहान, हरीश आदिवाल, अर्जुन खरे, राहुल खतरोड़, पवन आदिवाल, रवि आदिवाल, अरुण आदिवाल, गौतम कटारे और चंदन आदिवाल सहित बड़ी संख्या में समाज के महिला पुरुष मौजूद रहे।
एसडीओपी बोले जांच होगी
एसडीओपी ब्रजेश कुमार मालवीया ने बताया कि ज्ञापन प्राप्त हुआ है और उसमें उठाए गए बिंदुओं के आधार पर विभागीय स्तर पर जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि संबंधित पक्ष की ओर से मनावर थाने में भी आवेदन दिया गया है, जिस पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।









