
धार (मप्र.) धार-महू लोकसभा क्षेत्र की सांसद एवं भारत सरकार में महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम अनुसार आज जिला भाजपा कार्यालय एवं सांसद कार्यालय में व्यापक जनसुनवाई एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया।
जनसुनवाई में लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं आमजन अपनी समस्याओं एवं मांगों को लेकर पहुंचे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचे तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान हो, इसी उद्देश्य के साथ यह जनसुनवाई आयोजित की गई। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, हर घर जल अभियान एवं गरीब कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी रूप से पहुंचे, इसके लिए मंत्री महोदय निरंतर क्षेत्रवासियों से संवाद करती रही हैं।
इसके साथ ही मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनहितैषी योजनाओं एवं विकास कार्यों के क्रियान्वयन की स्थिति को लेकर भी मंत्री महोदय ने कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों से चर्चा की। मुख्यमंत्री द्वारा स्वास्थ्य सहायता, सड़क निर्माण, ग्रामीण विकास, पेयजल व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति एवं गरीब कल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाने हेतु निरंतर कार्य कर रही है।
आज की जनसुनवाई में विशेष रूप से स्वास्थ्य सहायता, मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान सहायता, सड़क निर्माण, बिजली आपूर्ति, ग्रामीण क्षेत्रों में जलापूर्ति, अवैध अतिक्रमण, पुलिस सहायता, राजस्व प्रकरण एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए। धरमपुरी, मनावर, सरदारपुर, बदनावर, गंधवानी, कुक्षी एवं महू सहित लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों से आए कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने मंत्री महोदय के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं।
जनसुनवाई का निर्धारित समय प्रातः 11:30 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक था, किन्तु क्षेत्रवासियों की भारी उपस्थिति के कारण यह कार्यक्रम लगातार शाम 7:00 बजे तक चलता रहा। इस दौरान सांसद सावित्री ठाकुर ने कई मामलों में संबंधित विभागों के अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर तत्काल निराकरण करवाया तथा शेष समस्याओं के शीघ्र समाधान हेतु आवश्यक निर्देश दिए।
सांसद सावित्री ठाकुर ने कहा कि जनता की सेवा ही उनका सर्वोच्च दायित्व है तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी आग्रह किया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।









