
डकैती का कुल माल मशरूका 11 लाख 10 हजार रुपए का किया बरामद, 05 आरोपी गिरफ्तार
घटना में प्रयुक्त वाहन एवं अवैध हथियारों को किया जप्त
मनावर : (मप्र.) मनावर के ग्राम बागसुल में 11 एवं 12 मई की दरमियानी रात फरियादी दीपक इस्के के घर में अज्ञात हथियारबंद बदमाशों द्वारा घुसकर बंदूक की नोक पर एक बैल, दो बकरे, एक बकरी, सोने-चांदी के आभूषण, नगदी राशि एवं मोबाइल फोन लूटकर ले जाया गया था। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना मनावर में अपराध क्रमांक 331/2026 धारा 310(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
धार जिला पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि प्रकरण के संबंध में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश की गई। मुखबिर सूचना पर ग्राम बैकल्या फाटा जिराबाद में घेराबंदी कर पिकअप वाहन से लूटा गया बैल ले जाते हुए आरोपी पानसिंह, नाकु उर्फ महेश, धर्मेन्द्र उर्फ भय्यु, रूघनाथ एवं मोहब्बत को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया बैल, एक सोने का टाप्स, चांदी के पायजेब, 12 बोर देशी कट्टा एवं घटना में प्रयुक्त महिंद्रा पिकअप वाहन क्रमांक MP20ZJ6588, नगदी 20 हजार रुपए जप्त किया गया। सभी आरोपी टांडा थाना क्षेत्र अंतर्गत निवासी हैं। उक्त लूट में तीन आरोपी मगन पिता थोबड़ा, संजय मेहड़ा पिता रेमसिंह, राकेश भूरिया फरार है जिनकी तलाश की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने कहा कि इसके अतिरिक्त ग्राम कवठी और सिंघाना में ज्वेलर्स की दुकान पर हुई चोरी के लिए भी टीम गठित कर सर्चिंग की जा रही है जल्द ही दोनों वारदातों का खुलासा किया जाएगा। इस दौरान एसडीओपी बृजेश कुमार मालवीय मौजूद रहे।
उक्त कार्यवाही में निरीक्षक ईश्वरसिंह चौहान, उनि गिलदारसिंह बघेल, उनि मनीष चौधरी, प्रधान आरक्षक ललित कुमरावत, आरक्षक राहुल बांगर एवं साइबर टीम धार के उनि प्रशांत गुंजाल, प्रधान आरक्षक सर्वेश सिंह सोलंकी, प्रधान आरक्षक बलराम भंवर, आरक्षक भानूप्रताप, आरक्षक रोहित नरगावे एवं आरक्षक दिलीप यादव की सराहनीय भूमिका रही।










