
नासिक: महाराष्ट्र के चर्चित कांड जिसमें कई महिलाओं के यौन शोषण के आरोपी नासिक के ज्योतिष अशोक खरात मामले के एक अहम गवाह की सड़क हादसे में मौत हो गई है। समृद्धि महामार्ग पर हुए भीषण हादसे में इस मामले के महत्वपूर्ण गवाह डॉ. जितेंद्र शेलके की जान चली गई, इस दुर्घटना में उनकी पत्नी अनुराधा शेलके की भी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उसका इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डॉ. शेलके शनिवार दोपहर अपने परिवार के साथ छत्रपति संभाजीनगर से शिर्डी की ओर जा रहे थे, इसी दौरान धोत्रे गांव के पास उनकी कार सड़क किनारे खड़े एक कंटेनर से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सीधे कंटेनर के नीचे घुस गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
डॉक्टर शेलके और उनकी पत्नी की मौत, बेटा घायल
हादसे के बाद काफी समय तक कार कंटेनर के नीचे फंसी रही, स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तीनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक डॉ. शेलके और उनकी पत्नी की मौत हो चुकी थी। वहीं, उनके बेटे को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
अशोक खरात के शिवनिका ट्रस्ट के उपाध्यक्ष थे जितेंद्र शेलके
बताया जा रहा है कि अशोक खरात से जुड़े इस चर्चित मामले में डॉ. जितेंद्र शेलके एक अहम गवाह थे, वे शिवनिका ट्रस्ट के उपाध्यक्ष भी थे और खरात के करीबी सहयोगी माने जाते थे, इस वजह से इस हादसे के बाद कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं और मामले को लेकर अटकलों का दौर तेज हो गया है।









