
मध्य प्रदेश के सिंगरौली में बैंक शाखा को लूटने के मामले में आरोपी के कोई सुराग नहीं मिलने के कारण डीजीपी मुख्यालय कैलाश मकवाना में मामले की गंभीरता को देखते हुए फरार आरोपियों पर₹50000 का इनाम की घोषणा की। सिंगरौली क्षेत्र में चारों तरफ पुलिस नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
दरअसल, मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिला मुख्यालय पर बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा में शुक्रवार दोपहर 12.50 बजे पांच सशस्त्र बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। बदमाशों ने कर्मचारियों और ग्राहकों को बंदूक की नोक पर बंधक बनाया और बैंक में रखे 20 लाख रुपये नकद और गोल्ड लोन के बदले एक ही लॉकर में रखा 5 करोड़ से अधिक का सोना पिट्ठू बैग में भरकर फरार हो गए थे।
पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने बताया था कि दो बाइकों पर आए बदमाशों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से बैंक में एक फायर भी किया। बैंक मैनेजर से तिजोरी की चाबियां मांगीं। जब मैनेजर ने आनाकानी की तो बंदूक की बट से उनके सिर पर वार किया। बदमाश करीब 20 मिनट तक बैंक के अंदर उत्पात मचाया था। बैंक में 14 लाख 50 हजार रुपये पिछले दिन के रखे थे और बाकी रुपया शुक्रवार का कलेक्शन था, कुल 20 लाख रुपए थे।, जिसे समेटकर मौके से बदमाश फरार होने में सफल हो गए थे।
अज्ञात डकैतों की तलाश में पड़ोसी राज्यों उत्तर प्रदेश व छत्तीसगढ़ पुलिस की मदद भी ली जा रही है। चार टीमें गठित कर तलाश की जा रही है। एसपी ने पांच करोड़ रुपये का सोना लूटे जाने की बात कही है, जबकि बैंक प्रबंधन 12 करोड़ का सोना बता रहा है। पुलिस ने बैंक से एक किमी दूर एक देसी कट्टा भी बरामद किया है। डीजीपी कैलाश मकवाना भोपाल से विशेष विमान से सिंगरौली पहुंचे थे। आज मामले की गंभीरता को देखते हुए ₹50000 का इनाम रखा गया।









