इंदौर। मूसाखेड़ी सब्जी मंडी क्षेत्र में सूदखोरी और दबंगई का मामला सामने आया है। मामूली कर्ज को लेकर एक फल का ठेला लगाने वाले युवक के साथ सरेआम गाली-गलौज, मारपीट की गई। पीड़ित निशांत कुमार प्रजापति निवासी मूसाखेड़ी ने बताया कि उसने अभिषेक यादव से 20,000 रुपए ब्याज पर लिए थे। तय शर्तों के अनुसार उसे प्रतिदिन 260 रुपए चुकाने थे।
निशांत के अनुसार वह अब तक करीब 13,260 रुपये दे चुका है और लगभग 6,000 रुपए ब्याज के रूप में भी दे चुका है।
इसके बावजूद जब वह कुछ दिनों तक भुगतान नहीं कर पाया तो आरोपी ने उसके साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। आरोपी अभिषेक यादव जो मूसाखेड़ी की भील कॉलोनी का निवासी बताया जा रहा है, ने बीच सड़क पर निशांत को रोककर न सिर्फ गालियां दीं, बल्कि उससे मारपीट कर अपमानित भी किया। इस दौरान आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे। इसके बाद शीतला माता मंदिर स्थित मूसाखेड़ी सब्जी मंडी में भी आरोपी ने पीड़ित की सार्वजनिक रूप से बेइज्जती की और 17 दिन की देरी का हवाला देकर जबरन 1,750 रुपए और मांगने लगा। पैसे न देने पर लगातार धमकियां दीं।









