नवरात्रि-दशहरे को लेकर शांति समिति की बैठक, व्यवस्थाओं पर बनी सहमति

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मनावर। नवरात्रि एवं दशहरे के पर्व को लेकर पुलिस थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में तहसीलदार विजय तलवाड़े, थाना प्रभारी राजेश यादव, बिजली विभाग के डीई बबन मौर्य, नगर पालिका इंजीनियर खुशवंत बघेल सहित जनप्रतिनिधि, गरबा पंडाल समितियों के सदस्य एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

थाना प्रभारी राजेश यादव ने गरबा एवं अन्य आयोजनों को लेकर समिति सदस्यों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। सभी गरबा पंडाल समितियों से सदस्यों के नाम एवं मोबाइल नंबर पुलिस को उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल संपर्क किया जा सके। सभी पंडालों में एक जिम्मेदार व्यक्ति रात के समय उपस्थित रहें

तहसीलदार विजय तलवाड़े ने पटाखे चलाते समय सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि रावण दहन निर्धारित स्थान पर ही किया जाए। बैठक में मूर्ति विसर्जन और रावण दहन के स्थानों को लेकर भी रूपरेखा तय की गई। डीई बबन मौर्य ने कहा कि सभी पंडाल वाले वैध कनेक्शन लेकर बिजली का उपयोग करे।

सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश सारंग ने असामाजिक तत्वों पर सख्ती से कार्रवाई करने की मांग रखी। उन्होंने तेज आवाज वाले साइलेंसर लगाकर बुलेट चलाने वालों पर चालानी कार्रवाई की बात कही। गरबा पंडाल समितियों ने चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए पंडालों में निगरानी बढ़ाने की मांग की।

बैठक में पुलिस प्रशासन एवं समिति सदस्यों ने नवरात्रि, गरबा, दशहरा, मूर्ति विसर्जन सहित आगामी आयोजनों को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की।

इस अवसर पर नगर के सोनू पाटीदार, रुपेश जौहरी, श्याम आदिवाल, सुनील स्टार, देवेंद्र जैन आदि समाजजन शामिल रहे।

और पढ़ें