
इंदौर : देर रात 10 बजे के करीब औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर की सेक्टर 3 में हजारगो इंडस्ट्रीज में आग लगने से बड़े धमाके हो रहे है। आग में सबकुछ जल रहा है। आसपास की फैक्ट्रियां और क्षेत्र में दहशत फैली हुई है।
प्राप्त जानकारी अनुसार इस इंडस्ट्रीज में केमिकल कचरा नष्ट किया जाता था। इस प्रकार के काम करने वाली कंपनी में केमिकल के ड्रम भी रखे हुए होने के समाचार प्राप्त हो रहे है जिनमें आग लगने से बड़े धमाके हो रहें है। आग फैलने से अन्य जगह नुकसान का भी खतरा पैदा हो गया है।
आसपास के क्षेत्र के लोगों ओर सामानों को हटाने का कार्य किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन मौके पर मौजूद, जिसमें एसपी मयंक अवस्थी, एसडीएम राहुल गुप्ता भी शामिल है जिन्होंने हालातों का जायजा लिया, वही जागरूक रहने की अपील की। गर्मी के मौसम में आग तेजी से फैल गई। हालांकि आसपास के कई शहरों के संसाधन मौके पर पहुंच रहे है, कई दमकल विभाग की टीमें आग बुझाने का काम कर रहे है।
दूर दूर तक आग के शोले दिखाई दे रहे है, रात के अंधेरे में आग की बेकाबू लपटे हवा के साथ फैल रहे है। नगर पालिका से भी पानी के टैंकरों की आवाजाही लगी हुई है।
फिलहाल कंपनी के सभी कर्मचारी सुरक्षित है, केमिकल जलने के धुएं के कारण कर्मचारियों की आंखों के जलन जैसी परेशानियां हो रही है। सभी जान बचाकर मौके से भाग निकले।
मौके पर उपस्थित एसपी ने मीडिया से कहा
पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने बताया कि पीथमपुर सेक्टर-3 स्थित ‘हजारगो’ कंपनी में इंडस्ट्रियल वेस्ट के निस्तारण के दौरान ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग लगी, जो फैलकर एक-दो अन्य कंपनियों तक पहुंची। फिलहाल दोनों प्रभावित कंपनियों में आग को नियंत्रित कर लिया गया है।
उन्होंने कहा कि फायर ब्रिगेड और टैंकरों की मदद से आग बुझाने का काम जारी है, ताकि यह और न फैले। पुलिस और प्रशासनिक टीमें मौके पर तैनात हैं। एहतियातन ढाबों में रह रहे लोगों को भी सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया है, जबकि आसपास कोई रिहायशी इलाका नहीं है।
अवस्थी के अनुसार अभी किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। आग पूरी तरह बुझने के बाद विशेषज्ञ दल जांच कर कारणों का पता लगाएगा। फिलहाल क्षेत्र में ट्रैफिक डायवर्जन लागू कर सभी रास्ते बंद कर दिए गए हैं और हालात पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।









