नंदीग्राम एक्सप्रेस के एसी कूपे को ‘सुहागरात की सेज’ बनाने पर कार्रवाई, टीटीई निलंबित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुंबई। महाराष्ट्र में बल्हारशाह से दादर (मुंबई) के बीच चलने वाली नंदीग्राम एक्सप्रेस के प्रथम श्रेणी वातानुकूलित (एसी-1) कूपे को ‘सुहागरात की सेज’ की तरह सजाने का मामला सामने आने के बाद रेलवे ने कड़ा रुख अपनाया है। मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित ट्रेन टिकट निरीक्षक (टीटीई) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, प्रथम श्रेणी के कूपे को फूलों और सजावटी सामग्री से इस तरह तैयार किया गया था कि वह सुहागरात के कमरे जैसा दिखाई दे रहा था। इसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन हरकत में आया।

प्रारंभिक जांच में ड्यूटी पर तैनात टीटीई की लापरवाही सामने आने पर उसे निलंबित कर दिया गया है। साथ ही पूरे मामले की विस्तृत विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि बिना अनुमति इस तरह की सजावट कैसे और किसके निर्देश पर की गई।

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि ट्रेन के कोचों का उपयोग केवल निर्धारित नियमों और यात्रियों की सुविधा के अनुरूप किया जा सकता है। नियमों के विपरीत किसी भी प्रकार की गतिविधि या सजावट को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने वाले अन्य कर्मचारियों के खिलाफ भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

और पढ़ें