धार की रेल परियोजनाओं को समय पर पूरा कराना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता : सावित्री ठाकुर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

धार/पीथमपुर। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री एवं धार सांसद श्रीमती सावित्री ठाकुर ने कहा कि धार संसदीय क्षेत्र में संचालित रेल अवसंरचना परियोजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बेहतर रेल संपर्क क्षेत्र के औद्योगिक, आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति देगा तथा आमजन, किसानों, व्यापारियों और उद्योगों को इसका व्यापक लाभ मिलेगा।

इसी क्रम में उन्होंने पीथमपुर में पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पांडे के साथ लगभग 70 फीट नीचे उतरकर निर्माणाधीन रेलवे टनल एवं अन्य विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने टनल के भीतर रेलवे की धक्का गाड़ी से यात्रा कर आजादी के बाद पश्चिम रेलवे की सबसे बड़ी निर्माणाधीन रेलवे टनल की प्रगति का विस्तृत अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान श्रीमती ठाकुर ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं तथा गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विकास परियोजना जनता के विश्वास से जुड़ी होती है, इसलिए कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और गति सुनिश्चित करना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में रेलवे के आधुनिकीकरण और विस्तार का अभूतपूर्व कार्य हो रहा है। मध्यप्रदेश सहित धार संसदीय क्षेत्र भी इस विकास यात्रा का महत्वपूर्ण भागीदार बन रहा है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में रेल संपर्क मजबूत होगा, औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी, निवेश को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

श्रीमती ठाकुर ने विश्वास व्यक्त किया कि रेलवे विभाग और संबंधित एजेंसियों के समन्वित प्रयासों से यह महत्वाकांक्षी परियोजना निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण होगी और क्षेत्र के विकास में नया अध्याय जोड़ेगी।

निरीक्षण के दौरान धार विधायक श्रीमती नीना विक्रम वर्मा, पश्चिम रेलवे के डीआरएम अश्विनी कुमार सहित रेलवे विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं अभियंता उपस्थित रहे।

और पढ़ें