मनावर (मप्र.) धार जिले के कई थाना प्रभारियों के तबादले हुए। पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिले के कई थाना प्रभारियों के तबादले किए हैं। 1 जुलाई को जारी आदेश के अनुसार कुक्षी थाना प्रभारी राजेश यादव को मनावर थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं, मनावर के तत्कालीन थाना प्रभारी ईश्वर सिंह चौहान का तबादला धार कोतवाली किया गया है। यह आदेश आगामी निर्देश तक प्रभावी रहेगा। इसके अलावा धरमपुरी, धामनोद, सांदलपुर, राजोद, धार और नौगांव सहित कई थानों में भी नए थाना प्रभारियों की पदस्थापना की गई है।

राजेश यादव हाल ही में अपनी उत्कृष्ट पुलिस सेवा के कारण प्रदेशभर में चर्चा में रहे हैं। उन्हें मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय द्वारा वर्ष 2023-24 के प्रतिष्ठित के.एफ. रुस्तमजी अवार्ड की विशिष्ट श्रेणी के लिए चयनित किया गया है। इस सम्मान के तहत उन्हें 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
राजेश यादव अपनी अनुशासित कार्यशैली, सख्त कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और प्रभावी नेतृत्व के लिए जाने जाते हैं। ऐसे में उनके मनावर थाना प्रभारी बनने से क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से मनावर क्षेत्र में चोरी और लूट की घटनाओं में बढ़ोतरी देखने को मिली है। इनमें कई मामलों का अब तक खुलासा नहीं होने से आमजन में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी भी रही। ग्राम कवठी में 55 लाख रुपये से अधिक की नकदी और जेवरात की चोरी, सिंघाना में ज्वेलर्स की दुकान में सेंधमारी, नगर में लगातार मोटरसाइकिल चोरी तथा नगर के बीच से महिला के गले से मंगलसूत्र छीनने जैसी घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ाई है।
ऐसे माहौल में नए थाना प्रभारी की नियुक्ति को क्षेत्रवासी सकारात्मक बदलाव के रूप में देख रहे हैं। लोगों को उम्मीद है कि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगेगा, लंबित मामलों का जल्द खुलासा होगा और अपराधियों में पुलिस का भय दोबारा स्थापित होगा।








