
मनावर : (मप्र.) मनावर विधानसभा क्षेत्र में लगातार बढ़ती चोरी की घटनाएं क्षेत्र में गंभीर चिंता का विषय बन गई हैं। जिससे मनावर विधानसभा क्षेत्र के स्थानीय जनता में भारी भय और आक्रोश व्याप्त है।
विधायक डॉ हीरालाल अलावा ने इस विषय पर गहरी चिंता जाहिर करते हुए कलेक्टर राजीव रंजन मीणा और पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा को पत्र लिखा, जिसमें बताया कि “कवठी गांव में 20 मई की रात बदमाशों ने एक किसान के सूने घर का ताला तोड़कर लगभग 320 ग्राम सोना और 2 किलो चांदी के आभूषण और लाखों की नकदी चोरी कर ली। इसी सप्ताह सिंघाना में शिवाय ज्वेलर्स के यहां लाखों रूपए की आभूषण चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। लगभग दो सप्ताह पहले जीराबाद में भी एक व्यापारी की सोने-चांदी के आभूषण चोरों ने चुरा लिए। हाल के दिनों में ग्राम पंचयात मुहाली में जिंगालाल डावर के घर पर चोरी की घटना हुई। बयडीपुरा में दिनांक 18 मई को रात लगभग 4 लाख की चोरी की घटना को चोरों ने अंजाम दिया। ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में बकरे, गाय एवं अन्य वस्तुओं की चोरी भी पिछले कुछ महीनों में हुई। इसके अतिरिक्त कई मोटरसाइकिलें भी चोरी गई है। इसी दौरान बीती रात ग्राम साततलाई में चोर खेतों में सिंचाई में उपयोगी मोटरों के तांबे के तार काट कर ले गए।”
“उक्त घटनाओं से पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली पर न सिर्फ सवाल खड़े हो रहे हैं बल्कि क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। लगातार हो रही चोरियों से आम नागरिक और व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों और घरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। आपसे निवेदन है कि विधानसभा क्षेत्र में चोरी की घटना पर लगाम लगाने के लिए पूरे विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख चौराहों, प्रवेश मार्गों और गलियों में हाई डेफिनेशन सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाने एवं क्षेत्र में पीसीआर वैन की संख्या में वृद्धि कर पुलिस की गश्ती बढ़ाने का आदेश जारी करें, साथ चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले संदिग्धों एवं अपराधियों पर कड़ी नजर रखते हुए उनकी धर-पकड़ कर उनपर सख्त कार्यवाही किए जाने का आदेश भी जारी करें।”
आपको बता दे की इन वारदातों के चलते ग्रामीण और शहरी इलाकों में यह चर्चाओं का मुद्दा बना हुआ है। लगातार हो रही चोरी की वारदातों में वृद्धि से लोग आक्रोशित होते जा रहे हैं। बता दे की पिछले सप्ताह से जिले भर का पुलिस बल भोजशाला सुरक्षा व्यवस्था में लगा हुआ है, चोर इस बात का फायदा उठाकर भी वारदात को अंजाम दे रहे है ।









