मनावर से मुंबई और फिर मिस्र होते हुए जद्दा पहुंचेंगी फ्लाइट, 45 अन्य जायरीन भी रहेंगे साथ
मनावर (शाहनवाज शेख)। मनावर के बोहरा समाज की जरीना दाऊदी 13 अक्टूबर को पवित्र उमराह यात्रा के लिए रवाना होंगी। उनकी इस धार्मिक यात्रा को लेकर परिजनों में उत्साह का माहौल है। यात्रा पर रवाना होने से पहले नगर की पूर्व पार्षद अख्तर बी ने जरीना दाऊदी का पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
जानकारी के अनुसार, जरीना दाऊदी मनावर से मुंबई पहुंचेंगी। इसके बाद मिस्र होते हुए जद्दा एयरपोर्ट पर उतरेंगी। इस यात्रा में बोहरा समाज के 45 अन्य साथी जायरीन भी उनके साथ शामिल रहेंगे। यह धार्मिक यात्रा कुल 14 दिनों की होगी। इस दौरान जायरीन मक्का मुकर्रमा में काबा शरीफ का तवाफ करेंगे तथा मदीना मुनव्वरा में पैगंबर मोहम्मद साहब की मस्जिद-ए-नबवी में जियारत करेंगे। यात्रा के कार्यक्रम में मिस्र में भी धार्मिक स्थलों की जियारत शामिल है।
इस अवसर पर पूर्व पार्षद अख्तर बी ने जरीना दाऊदी को सम्मानित करते हुए कहा कि वे अल्लाह के पवित्र घर पहुंचकर देश में अमन-चैन, खुशहाली और सभी लोगों की सलामती के लिए दुआ करें।
वहीं, जरीना दाऊदी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी का प्यार और स्नेह उनके लिए बहुत मायने रखता है। कहा कि में खुशनसीब समझती हु जो अल्लाह के घर का बुलावा आया है। दुआ करती हु सभी अपने जीवन में मक्का मदीना की जियारत करे। वे अपनी इस पवित्र यात्रा के दौरान देश में अमन-चैन, सुकून और भाईचारे के लिए दुआ करेंगी।
उल्लेखनीय है कि उमराह इस्लाम की एक महत्वपूर्ण धार्मिक इबादत है, जिसमें जायरीन मक्का में काबा शरीफ का तवाफ और सफा-मरवा के बीच सई सहित निर्धारित धार्मिक रस्में अदा करते हैं। मदीना में मस्जिद-ए-नबवी की जियारत भी जायरीन के लिए विशेष धार्मिक महत्व रखती है। ज्ञात हो कि जरीना दाऊदी पूर्व में कर्बला की धार्मिक यात्रा भी कर चुकी है।








