गणेश घाट बायपास पर वाहनों पर पत्थर फेंकने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

धामनोद पुलिस की कार्रवाई, पत्थरबाजी करने का खुलासा

धामनोद। गणेश घाट बायपास रोड पर वाहनों को रोकने के लिए पत्थर फेंककर तोड़फोड़ करने वाले दो आरोपियों को धामनोद पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घटना के बाद पुलिस ने लगातार तलाश और पूछताछ करते हुए दोनों आरोपियों को अभिरक्षा में लिया।

पुलिस के अनुसार 27 सितंबर 2026 की रात नया बायपास रोड, गणेश घाट पर अज्ञात बदमाशों द्वारा वाहनों पर पत्थर फेंकने की घटना सामने आई थी। फरियादी योगेश पाटीदार की रिपोर्ट पर थाना धामनोद में अपराध क्रमांक 477/2026, धारा 125 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए धार एसपी सचिन शर्मा ने अज्ञात आरोपियों की पतासाजी कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। एएसपी विजय डावर एवं एसडीओपी धामनोद मोनिका सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी धामनोद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कोटिदा, पटेलपुरा खुर्द, पलाशमाल एवं उतावली सहित आसपास के क्षेत्रों में ग्रामीणों से पूछताछ कर आरोपियों की तलाश की।

पुलिस ने मुखबिर सूचना एवं लगातार प्रयासों के आधार पर मुकुट पिता कैलाश बड़कीया (25), निवासी कोटिदा पटेलपुरा तथा मनीष पिता दिनेश बड़कीया (19), निवासी कोटिदा पटेलपुरा को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपियों द्वारा बताया गया कि वाहन चालक उनके द्वारा वाहनों को रोकने पर वाहन नहीं रोकते थे। इसी बात से नाराज होकर उन्होंने गुस्से में वाहनों पर पत्थर फेंककर फोड़ने की बात स्वीकार की। मामले में आरोपियों से पूछताछ एवं अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोषसिंह यादव, उप निरीक्षक दुर्गाप्रसाद वैष्णव, आरक्षक मनीष राठौर, आरक्षक रविन्द्र जमरे सहित थाना धामनोद पुलिस स्टाफ की भूमिका रही।

और पढ़ें