तमिलनाडु की चोरी का सोना मनावर पुलिस ने बरामद कराया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

385 ग्राम सोने के आभूषण बरामद, कीमत करीब 55 लाख रुपए; आरोपी मकसूद गिरफ्तार

मनावर (शाहनवाज शेख)। तमिलनाडु पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए मनावर-उमरबन पुलिस ने चोरी के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 385 ग्राम सोने के आभूषण बरामद कराए हैं। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 55 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से तमिलनाडु पुलिस को चोरी का मशरूका बरामद कराने में महत्वपूर्ण सहयोग मिला है।

तमिलनाडु के दो मामलों में आरोपी की तलाश

पुलिस के अनुसार, तमिलनाडु के थाना कायथर, जिला तुथुकुडी के अपराध क्रमांक 461/2026 तथा थाना बतलगुंडू, जिला डिंडीगुल के अपराध क्रमांक 423/2026 की विवेचना के दौरान आरोपियों की तलाश में तमिलनाडु पुलिस टीम धार जिले के मनावर क्षेत्र में पहुंची थी। दोनों प्रकरणों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज हैं।

खैरवा जागीर में दबिश देकर गिरफ्तारी

एसडीओपी मनावर ब्रजेश कुमार मालवीय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव ने पुलिस टीम गठित की। टीम ने तमिलनाडु पुलिस के साथ ग्राम खैरवा जागीर, उमरबन में दबिश देकर आरोपी मकसूद पिता जामगीर खान, उम्र 36 वर्ष, निवासी खैरवा जागीर, उमरबन को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से संबंधित प्रकरणों में चोरी किए गए 385 ग्राम सोने के आभूषण बरामद कराए। बरामद मशरूका तमिलनाडु पुलिस को सौंपने के लिए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा

कार्रवाई में निरीक्षक राजेश यादव, उप निरीक्षक एवं चौकी प्रभारी उमरबन प्रकाश अलावा, प्रधान आरक्षक राजेश चौहान, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र मांडवी तथा आरक्षक गंगाराम बघेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सराहनीय कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

और पढ़ें