
मनावर। बैगा समाज के 32 मासूम बच्चों की मौत के मामले को लेकर आदिवासी कांग्रेस जिला धार ने शनिवार को मनावर अनुविभागीय अधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति महोदया के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने, प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने तथा लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की गई।
इस अवसर पर आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुनील स्टार चौहान ने कहा कि बैगा समाज के बच्चों की मौत बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला है। इतनी बड़ी संख्या में बच्चों की मृत्यु के बावजूद आदिवासी क्षेत्रों की स्वास्थ्य एवं पोषण व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के साथ अन्याय और लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
चौहान ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, आदिवासी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रामू टेकाम एवं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व और मार्गदर्शन में आदिवासी कांग्रेस इस मुद्दे को सड़क से लेकर भोपाल तक मजबूती से उठाएगी। जरूरत पड़ने पर सरकार के खिलाफ आंदोलन और घेराव को और व्यापक किया जाएगा।
आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने कहा कि 32 बच्चों की मौत की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। सरकार को आदिवासी बहुल क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं, पोषण व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं को तत्काल मजबूत करना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
ये रहे उपस्थित
ज्ञापन कार्यक्रम में मलखान सिंह पटेल, गजानन सोलंकी एवं पवन पटेल, वीरेंद्र चौहान, रायसिंह सोलंकी, जगदीश कनेल, महिपाल जाट, लखन वास्केल सहित पप्पू कटारा, करसन वास्केल, कलीम खान, फिरोज खान, विष्णु गुजर, दिनेश डावर, देवीसिंह मुवेल, रवि बर्मन, किशन चंगड़िया, निलेश अजनारे, नरेंद्र डावर, प्रकाश डावर, बालू डावर, नरेंद्र अजनारे, गौतम मुवेल, लोकेश अजनारे, शेखर वसुनिया, सोहन मुजाल्दा सहित आदिवासी कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









