पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष किरणबाई मंडलोई की कांग्रेस में घर वापसी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राजवर्धन दत्तीगांव के भाजपा में जाने के बाद छोड़ी थी कांग्रेस, विधायक डॉ. हीरालाल अलावा ने किया स्वागत

मनावर। शनिवार शाम 4 बजे मनावर रेस्ट हाउस पर पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष किरणबाई मंडलोई ने कांग्रेस में पुनः वापसी की। उनके साथ राज बड़वाया, मयंक पाटीदार, राजू पाटीदार और कृष्णा टनवे ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। विधायक डॉ. हीरालाल अलावा ने सभी का स्वागत करते हुए इसे कांग्रेस संगठन के लिए महत्वपूर्ण दिन बताया।

भाजपा से मोहभंग, फिर कांग्रेस का दामन थामा

किरणबाई मंडलोई पूर्व में कांग्रेस की समर्पित नेत्री रही हैं। बताया जाता है कि पूर्व मंत्री राजवर्धन दत्तीगांव के भाजपा में शामिल होने के बाद उन्होंने भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। हालांकि, कुछ वर्षों बाद भाजपा की विचारधारा से दूरी बनाते हुए उन्होंने पुनः कांग्रेस में शामिल होने का निर्णय लिया।

कांग्रेस लोकतंत्र और जनहित की लड़ाई लड़ने वाला संगठन : डॉ अलावा

सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. हीरालाल अलावा ने कहा कि कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि लोकतंत्र, संविधान, समानता और आम जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाला संगठन है। पार्टी ने हमेशा किसान, मजदूर, युवा, महिला और गरीब वर्ग की आवाज को मजबूती से उठाया है।

उन्होंने नए साथियों का स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस में आपका सम्मान पहले भी था और आगे भी रहेगा। प्रत्येक कार्यकर्ता हमारे परिवार का हिस्सा है। हम सभी मिलकर क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाएंगे और उनके समाधान के लिए संघर्ष करेंगे।

विधायक ने भरोसा दिलाया कि नए साथियों ने कांग्रेस पर जो विश्वास जताया है, उसे कभी टूटने नहीं दिया जाएगा। आने वाले समय में सभी मिलकर संगठन को मजबूत करेंगे और जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर काम करेंगे।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नारायण जौहरी ने कहा कि कांग्रेस ही एक ऐसी पार्टी है जो सर्व समाज और धर्म के लोगों को साथ लेकर चलती है तथा सामूहिक एकता को बनाए रखने का काम करती है।

कांग्रेस नेता रहे मौजूद

इस अवसर पर नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुमित खटोड़, नारायण जौहरी, निरंजन डावर, लक्ष्मी जाट, अरुण गर्ग, नीलेश रावका, संतोष काकरेचा और भानु शर्मा सहित कांग्रेस नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नए सदस्यों का स्वागत किया।

और पढ़ें