BRICS: भारत मंडपम में छाया धार का बाग प्रिंट, ईरान के राष्ट्रपति की सुपुत्री ने सराही कला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ज़हरा पेज़ेशकियान ने प्राकृतिक रंगों की बारीकियां समझीं, खुद ठप्पा लगाकर लिया छपाई का अनुभव

नई दिल्ली/धार। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के ‘ब्रिक्स बाज़ार’ में मध्य प्रदेश की विश्व प्रसिद्ध बाग प्रिंट कला ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाई। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान की सुपुत्री ज़हरा पेज़ेशकियान ने राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता बाग प्रिंट शिल्पकार मोहम्मद बिलाल खत्री और राज्य स्तरीय पुरस्कार विजेता मोहम्मद काज़िम खत्री के स्टॉल का अवलोकन किया।

प्राकृतिक रंगों की प्रक्रिया जानने में दिखाई उत्सुकता

ज़हरा पेज़ेशकियान ने बाग प्रिंट के हस्तनिर्मित वस्त्रों और उनकी कलात्मक बारीकियों को करीब से देखा। उन्होंने शिल्पकारों से प्राकृतिक रंगों को तैयार करने की पारंपरिक प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। विशेष रूप से उन्होंने सवाल किया कि बाग प्रिंट में काला रंग किस प्रकार तैयार किया जाता है।

कला की प्रक्रिया को समझने के साथ उन्होंने स्वयं लकड़ी के पारंपरिक ठप्पे को रंग में डुबोकर कपड़े पर छपाई का अनुभव भी लिया। प्राकृतिक रंगों और पारंपरिक शिल्प तकनीक से तैयार बाग प्रिंट की बारीकियों ने उन्हें प्रभावित किया।

अँगवस्त्र भेंट कर किया सम्मान

ज़हरा पेज़ेशकियान की कला के प्रति रुचि और आत्मीयता से प्रभावित होकर मोहम्मद बिलाल खत्री ने उन्हें पारंपरिक बाग प्रिंट का अँगवस्त्र भेंट किया। इस सम्मान को पाकर ज़हरा प्रसन्न नजर आईं।

वैश्विक मंच पर बाग प्रिंट का जीवंत प्रदर्शन

ब्रिक्स बाज़ार में खत्री बंधु बाग प्रिंट की पारंपरिक तकनीक का लाइव डेमोंस्ट्रेशन प्रस्तुत कर रहे हैं। विभिन्न देशों से आए राष्ट्राध्यक्षों, प्रतिनिधियों और अतिथियों ने स्टॉल का दौरा कर इस कला को करीब से जाना।

विशेष रूप से तैयार ‘BRICS’ लोगो वाले लकड़ी के ब्लॉक्स से अतिथियों ने स्वयं कपड़े पर ठप्पे लगाकर छपाई की। इस अनुभव ने भारतीय पारंपरिक हस्तशिल्प को अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों से जोड़ने का कार्य किया।

पीढ़ियों की मेहनत को मिला सम्मान

मोहम्मद बिलाल खत्री ने कहा कि 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन जैसे वैश्विक मंच पर बाग प्रिंट का प्रदर्शन करना गौरव की बात है। दुनिया भर के प्रतिनिधियों को प्राकृतिक रंगों और ठप्पा छपाई की प्रक्रिया से जोड़ना हमारी पीढ़ियों की मेहनत का सम्मान है।

प्राकृतिक रंगों और बारीक नक्काशीदार लकड़ी के ब्लॉक्स से तैयार होने वाला बाग प्रिंट मध्य प्रदेश की समृद्ध हस्तशिल्प परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ब्रिक्स बाज़ार में इसकी प्रस्तुति ने धार जिले की इस ऐतिहासिक कला को वैश्विक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

और पढ़ें