मनावर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के रंग में रंगा शहर; हजारों लोग हुए शामिल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मनावर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना को लेकर आज मनावर शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में शहर के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं के समूह, भाजपा कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों ने पूरे शहर में देशभक्ति का संदेश दिया।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ राम मंदिर परिसर से हुआ। यहां से यात्रा क्रांति चौपाटी, मेन बाजार होते हुए गांधी चौराहे पहुंची और इसके बाद मंडी परिसर पहुंचकर यात्रा का समापन हुआ। यात्रा जिस मार्ग से गुजरी, वहां लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह नागरिकों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया।

यात्रा में स्कूली छात्र-छात्राओं की विशेष भागीदारी रही। विद्यार्थी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ते नजर आए। वहीं बोहरा समाज के युवाओं द्वारा स्कॉट बैंड की शानदार प्रस्तुति दी गई, जिसने तिरंगा यात्रा में आकर्षण बढ़ा दिया। बैंड की धुनों और देशभक्ति गीतों के बीच पूरा माहौल राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत नजर आया।

यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ सहित देशभक्ति के जयकारे लगातार गूंजते रहे। देशभक्ति के गीतों ने लोगों में उत्साह भर दिया। कई स्थानों पर नागरिकों ने अपने घरों और दुकानों के बाहर खड़े होकर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया।

तिरंगा यात्रा में जिला भाजपा अध्यक्ष चंचल पाटीदार, सुरमा सोलंकी, नगर पालिका अध्यक्ष अजय पाटीदार, मोनू पाटीदार, सचिन पांडेय, अमित शर्मा, सोनाली श्रीवास्तव, प्रकाश पांडेय सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। इसके अलावा शहर के गणमान्य नागरिक एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग भी यात्रा का हिस्सा बने।

यात्रा में पूर्व सैनिक दिनेश जाट भी जिप्सी पर सवार होकर शामिल हुए। उनकी मौजूदगी ने यात्रा में देशसेवा और राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूती दी।

तिरंगा यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। एसडीओपी बृजेश कुमार मालवीय एवं थाना प्रभारी राजेश यादव पुलिस बल के साथ पूरे यात्रा मार्ग पर मौजूद रहे। प्रमुख चौराहों और मार्गों पर पुलिस जवानों की तैनाती की गई, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और यात्रा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो।

राम मंदिर से शुरू हुई यह तिरंगा यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर मंडी परिसर पहुंची। हजारों लोगों की सहभागिता और देशभक्ति के नारों के बीच यात्रा का समापन हुआ। तिरंगा यात्रा ने मनावर में स्वतंत्रता दिवस से पहले राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश दिया।

और पढ़ें