
मनावर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार, 14 अगस्त को ग्राम मोहाली में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में टोकी बीट के अंतर्गत आने वाले कुल 20 गांवों के सरपंचों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं महिलाएं शामिल हुईं।
जनसंवाद कार्यक्रम थाना प्रभारी मनावर राजेश यादव की मौजूदगी में आयोजित हुआ। इस दौरान ग्रामीणों एवं सरपंचों ने क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याएं और शिकायतें पुलिस के समक्ष रखीं। कुछ शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष समस्याओं के संबंध में आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

थाना प्रभारी राजेश यादव ने ग्रामीणों से कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम और पुलिस को सहयोग देने की अपील की। उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए आमजन को सतर्क रहने के लिए जागरूक किया।
ग्रामीणों ने क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को लेकर भी पुलिस के समक्ष चिंता जताई। इस पर गांवों में नियमित गश्त बढ़ाने तथा गश्ती दल गठित करने को लेकर चर्चा की गई। पुलिस एवं आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।

कार्यक्रम में पुलिस थाना मनावर से उप निरीक्षक रानी राठौर, प्रधान आरक्षक ललित कुमरावत एवं आरक्षक रामेश्वर सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी तथा क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय रहेगी।








