पीएम मोदी को अपशब्द कहने वाली युवती ने मांगी माफी, बोली- ‘मैं गुमराह हो गई थी’

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने का वीडियो वायरल होने के बाद नोएडा निवासी रुचिका सिंह ने सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली है। वीडियो सामने आने के बाद उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी और पुलिस उसे तलाशने उसके सेक्टर-18 स्थित फ्लैट पर भी पहुंची, हालांकि वह वहां नहीं मिली।

शुक्रवार रात जारी एक वीडियो में रुचिका सिंह ने हाथ जोड़कर देशवासियों से क्षमा मांगी। उसने कहा कि वह अपने दोस्तों के साथ कनॉट प्लेस गई थी, जहां प्रदर्शन के दौरान कई लोग प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे थे। उन्हीं के प्रभाव में आकर उसने भी गलत शब्द कह दिए।

वीडियो में रुचिका ने कहा, “मैंने जो कहा, वह बिल्कुल गलत था। मैं इसके लिए पूरे देश से माफी मांगती हूं। मैं बहुत शर्मिंदा हूं और भविष्य में ऐसी गलती कभी नहीं करूंगी। कृपया मुझे माफ कर दीजिए।” उसने स्वयं को 15 वर्ष का बताते हुए कहा कि यह उसकी पहली और आखिरी गलती होगी।

इससे पहले रुचिका की मां ने भी नोएडा पुलिस को लिखित माफीनामा सौंपकर अपनी बेटी को क्षमा किए जाने की अपील की थी। बताया जा रहा है कि रुचिका मूल रूप से हरियाणा के फरीदाबाद की रहने वाली है और नोएडा में रहकर एक ब्यूटी पार्लर में काम करती है।

इस मामले के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक वीडियो भी चर्चा में है, जिसमें उन्होंने ऐसे बच्चों को “गुमराह” बताते हुए उन्हें माफ करने और सही राह दिखाने की बात कही थी। प्रधानमंत्री की इस अपील के कुछ समय बाद ही रुचिका सिंह ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए अपनी गलती स्वीकार कर ली।

पीएम मोदी ने माफ करने की बात कही

गौरतलब है कि इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक वीडियो जारी कर उनको गाली देने वाले बच्‍चों को माफ करने की बात कही थी। उन्‍होंने कहा कि ये गुमराह बच्‍चे हैं। इनको राह दिखाना हमारा ही काम है। पीएम मोदी का वीडियो आने के कुछ घंटे बाद ही रुचिका सिंह ने माफी मांग ली है।

और पढ़ें