मनावर। (मप्र.) नगर के वार्ड क्रमांक 4 स्थित माननदी डैम किनारे निर्माणाधीन मुक्तिधाम का कार्य तीन वर्ष बाद भी पूरा नहीं होने पर वार्ड पार्षद मांगीलाल सांवले ने नाराजगी जताते हुए संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों पर सवाल उठाए हैं।
पार्षद मांगीलाल सांवले ने बताया कि लगभग तीन वर्ष पूर्व मुक्तिधाम निर्माण कार्य शुरू किया गया था। करीब 7 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस निर्माण कार्य को महज 6 माह में पूरा होना था, लेकिन निर्धारित समय सीमा बीतने के बावजूद आज तक कार्य अधूरा पड़ा है। इससे क्षेत्र के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कहा कि ऐसी लापरवाह ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट करना चाहिए, जो शासकीय कार्यों में लापरवाही करते है।

उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में लगातार लापरवाही बरती गई है और समय पर निगरानी नहीं होने के कारण परियोजना वर्षों से अधूरी पड़ी है। उन्होंने शीघ्र निर्माण कार्य पूर्ण कर जनता को सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की।
वार्डवासियों ने बताई परेशानी, पार्षद की पहल की सराहना
वार्ड क्रमांक 4 के रहवासियों ने बताया कि मुक्तिधाम का निर्माण कार्य पिछले तीन वर्षों से अधूरा पड़ा है। इसके कारण अंतिम संस्कार के दौरान परिजनों और ग्रामीणों को कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि यदि मुक्तिधाम का निर्माण समय पर पूरा हो जाता, तो लोगों को आवश्यक सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हो पातीं।
वार्डवासियों ने वार्ड पार्षद मांगीलाल सांवले की सराहना करते हुए कहा कि अंतिम संस्कार के समय वे हमेशा सहयोग के लिए आगे आते हैं और अपनी ओर से आवश्यक व्यवस्थाओं में मदद उपलब्ध कराते हैं। उनका कहना है कि यदि अधूरा पड़ा मुक्तिधाम जल्द पूर्ण हो जाए, तो क्षेत्र के लोगों को स्थायी और बेहतर सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
संबंधित अधिकारी ने कहा
इस संबंध में नगर पालिका इंजीनियर रेखा मंडोलोई ने कहा कि निर्माण कार्य जल्द पूरा कराया जाएगा और संबंधित एजेंसी शिव शक्ति कंट्रक्शन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। बताया कि कई बार ठेकेदार को नोटिस दिया गया लेकिन उन्होंने जवाब नहीं दिया। जिसको लेकर अब अंतिम नोटिस जारी किया गया है। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि वर्षों से अधूरा पड़ा आखिर कब तक बनकर तैयार होगा।









