मनावर (मप्र.) राजधानी दिल्ली में नई शिक्षा नीति एवं छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन कर रहे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के विरोध में मंगलवार देर रात मनावर शहर कांग्रेस ने अंबेडकर चौराहे पर सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
रात्रि लगभग 9 बजे आयोजित धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान छात्रों और युवाओं की मांगों पर गंभीरता से विचार करने तथा लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान किए जाने की मांग उठाई गई।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुमित खटोड़ ने बताया कि यह सांकेतिक धरना-प्रदर्शन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, मध्य प्रदेश विधानसभा नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार एवं मनावर विधायक डॉ. हीरालाल अलावा के आह्वान पर आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। वहीं राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी सहित कई मंत्रियों के इस्तीफा की मांग की थी।

सुमित खटोड़ ने आरोप लगाया कि देशभर से दिल्ली पहुंचे छात्र-युवा अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन उनकी बात सुनने के बजाय पुलिस द्वारा बल प्रयोग किया गया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भी सांसदों के साथ प्रधानमंत्री आवास के बाहर युवाओं की आवाज़ बुलंद करने पहुंचे थे, जहां उन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और विपक्ष की आवाज़ को दबाने के प्रयास किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
इस अवसर पर नगर कांग्रेस अध्यक्ष सुमित खटोड़ के नेतृत्व में पार्षद लक्ष्मी जाट, जिम सावनेर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश खंडेलवाल, संतोष खटोड़, नीलेश रावका, आरिफ मंसूरी, अखिलेश कुशवाहा, ऋषभ कीमती, रूपेश जोहरी, अरुण गर्ग, अमर सेन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









